सीसुब गुवाहाटी फ्रंटियर ने मनाया 75वां गणतंत्र दिवस

BSFBSF

गुवाहाटी, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सीमांत मुख्यालय सीमा सुरक्षा बल (सीसुब), पटगांव, गुवाहाटी और फ्रंटियर के अंतर्निहित समस्त क्षेत्रीय मुख्यालयों और बटालियनों में भव्यता से मनाया गया। प्रति वर्षानुसार आज सुबह फ्रंटियर के महानिरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने सीमान्त मुख्यालय के क्वार्टर गार्ड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इस मौके पर यादव ने फ्रंटियर मुख्यालय, प्रथम वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और संयुक्त अस्पताल के सीमा प्रहारियों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे उन नेताओं की दूरदर्शिता को याद करने का एक अवसर है, जिन्होंने राष्ट्र के लोगों के लिए सबसे मजबूत और समावेशी संविधान बनाया, जो समय की कसौटी पर खरा उतरा है। यह राष्ट्र के गणतंत्र और उसके लोकतांत्रिक आदर्शों को प्रणाम करने का दिन है। उन्होंने सीमा प्रहरियों से राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए दिल से प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा अनेकता में एकता की नीति का पालन करना चाहिए और सीमा प्रहरियों से समाज के उत्थान हेतु योगदान देने और राष्ट्र की प्रगति के लिए पूरे उत्साह एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आहवान किया।

महानिरीक्षक ने केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल संयुक्त अस्पताल, गुवाहाटी का दौरा किया और रोगियों को फल आदि वितरित की एवं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस अवसर पर समस्त सीसुब मुख्यालयों एवं वाहिनियों में सीमा चौकी स्तर तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीप्रकाश/ अरविंद

   

सम्बंधित खबर