तृणमूल का दावा, माकपा और कांग्रेस की तरह भाजपा को भी बंगाल में शून्य करेंगी ममता बनर्जी

कोलकाता, 30 जनवरी (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया है कि ममता बनर्जी ने पहले बंगाल में अकेले लड़ कर माकपा और कांग्रेस को शून्य किया है, उसी तरह अब भाजपा को भी करेंगी। पार्टी ने कांग्रेस को भी नसीहत देते हुए कहा है कि बंगाल में अगर कुछ करना चाहते हैं तो फैसला ममता बनर्जी पर छोड़ दें। पार्टी ने कहा कि वह राज्य की सभी 42 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ कर यह साबित करेगी कि भाजपा को हरा सकते हैं। तृणमूल नेता सुदीप बनर्जी ने कहा कि यदि ममता बनर्जी कांग्रेस और वाम दलों को (विधानसभा चुनाव में) शून्य पर ला सकती हैं, तो भाजपा को भी शून्य पर (लोकसभा चुनावों में) पहुंचा सकती है।

उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस बंगाल में कुछ करना चाहती है तो उसे मामला ममता बनर्जी पर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडी गठबंधन) में सबसे बड़ी पार्टी है और उस पर सबसे अधिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी गठबंधन की सदस्य बनी हुई है। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा और सीट-बंटवारे की बातचीत को लेकर कांग्रेस के साथ तृणमूल की शिकायतों को उजागर करते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस ने तृणमूल को यात्रा के बारे में पहले ही सूचित कर दिया होता तो बनर्जी इसमें शामिल हो सकती थीं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी मुख्य नेता को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण जब दिया तबतक बहुत देर हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि हमें राहुल गांधी से कभी निमंत्रण नहीं मिला। हमें केवल पार्टी से निमंत्रण मिला। जब यात्रा शुरू हो चुकी है तो इसका क्या मतलब है?

हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा/संजीव

   

सम्बंधित खबर