झेलम रिवर क्रूज परियोजना की तैयारियों का सचिव परिवहन ने लिया जायजा

जम्मू। स्टेट समाचार
परिवहन सचिव अवनी लवासा ने गुरुवार को अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और जम्मू-कश्मीर सरकार के सहयोग से विकसित की जा रही प्रस्तावित रिवर क्रूज परिवहन परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, कश्मीर तथा परिवहन विभाग के संयुक्त निदेशक भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सचिव ने जीरो ब्रिज से पंथा चौक तक प्रस्तावित रिवर क्रूज मार्ग और विभिन्न प्रस्तावित टर्मिनलों का दौरा कर आधारभूत ढांचे तथा परिचालन तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यात्री चढ़ने-उतरने की सुविधाओं, नौवहन व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे की तैयारियों की समीक्षा की।
अवनी लवासा ने आईडब्ल्यूएआई, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर बल देते हुए परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा सुरक्षा, परिचालन दक्षता और यात्री सुविधाओं के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह रिवर क्रूज परियोजना झेलम नदी पर पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एक नया यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित की जा रही है।

 

   

सम्बंधित खबर