कोलकाता: प्रवासी बंगाली पर हमले की घटना पर अमरीकी दूतावास सख्त, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

कोलकाता, 3 फरवरी (हि.स.)। लंबे समय से अमेरिका में रह रहे कोलकाता के मूल निवासी प्रवासी भारतीय नागरिक जिष्णुनाथ पर महानगर में हुए हमले को लेकर अमरीकी दूतावास सख्त हो गया है। कोलकाता पुलिस की ओर से घटना के तीन दिनों बाद भी आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किए जाने के बाद अब दूतावास ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

कोलकाता के कांकुलिया इलाके में जिष्णुनाथ पर हमला किया गया था। मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले जिष्णु कई साल से अमरीकी नागरिक हैं। इस मामले में रवीन्द्र सरोवर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी लेकिन घटना के तीन दिन बीत गए हैं और पुलिस हमलावरों को धर दबोचने में विफल रही है।

55 वर्षीय जिष्णुनाथ का जन्म कोलकाता के गोलपार्क में हुआ था। उन्होंने 1992 में जादवपुर विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की। इसके बाद लंबे समय तक अमेरिका में रहे और वहां की नागरिकता भी हासिल की। कोलकाता वापसी पर उन्हें स्थानीय क्लबों की ओर से किस तरह से परेशान किया जाता है इसकी आपबीती उन्होंने हिन्दुस्थान समाचार को सुनाई है। वह कहते हैं, '2019 में मुझे कुछ स्थानीय लड़कों की ओर से रंगदारी के लिए धमकाया गया। मैंने थाने में शिकायत की लेकिन बाद में वापस ले ली क्योंकि मुझे वापस अमेरिका जाना था।'

काकोलिया में उनका घर है जहां काम चल रहा है। आरोप है कि प्रमोटर खोकोन सरदार और राबिन सरदार उर्फ भैलो काम के बदले पैसे की मांग कर रहे थे। वह 17 जनवरी को कोलकाता आये तो देखा कि उनके घर के आसपास कई बोरियां कूड़ा-कचरा डाल दिया गया है। आरोप है कि जब उन्होंने भैलो से इस बारे में बात की तो उसने कचरा हटाने के लिए पैसे मांगे। जब जिष्णुनाथ ने इनकार किया तो उन्हें मारा-पीटा गया। उनकी बांई आंख और शरीर के अन्य हिस्से में चोट आई है। उन्होंने तुरंत पुलिस को इतला किया लेकिन तीन घंटे बाद पुलिस पहुंची। जिष्णु के बेलूर में रहने वाले बहनोई को भी धमकी दी गई है।

अस्पताल में इलाज के बाद वह लौटे तो उन्हें डर के साए में रहना पड़ रहा है। गुरुवार को जिष्णुनाथ ने अमेरिकी दूतावास के अलावा लाल बाजार जाकर दोबारा शिकायत दर्ज कराई है।

जिष्णु के मुताबिक विवाद बढ़ने पर पुलिस ने भैलो प्रमाणिक उर्फ बापी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया लेकिन अन्य दो आरोपित पकड़े नहीं जा सके हैं। पुलिस के मुताबिक कोलकाता पुलिस की दक्षिण-पूर्व शाखा और खुफिया विभाग (डीडी) की गैंगस्टर दमन विंग (एआरएस) घटना की विस्तार से जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरे और फोन की जानकारी खंगाली जा रही है।

इधर, अमेरिकी दूतावास के हस्तक्षेप के बाद कोलकाता पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध) सैयद वकार राजा ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धारा 41, 326, 385, 379, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।

अमेरिकी दूतावास के सूत्रों ने बताया है कि जिष्णुनाथ की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और अगर कोलकाता पुलिस कार्रवाई में विफल रहती है तो केंद्रीय गृह मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/संजीव

   

सम्बंधित खबर