आआपा के पूर्व विधायक भूपत भयाणी समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल

जूनागढ़

-पूर्व विधायक अरविंद लाडाणी भी भाजपा से जुड़े, सीआर पाटिल ने पहनाया केसरिया खेस

जूनागढ़, 3 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने वालों की संख्या लगातार बड़ी हो रही है। शनिवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) से विसावदर के पूर्व विधायक भूपत भयाणी पांच सौ से अधिक समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने उन्हें जूनागढ़ जिले के भेसाण में केसरिया खेस से स्वागत किया। इसके अलावा निर्दलीय चुनाव लड़े पूर्व विधायक अरविंद लाडाणी ने भी केसरिया खेस धारण किया।

अभी तक आआपा के एक, कांग्रेस के 2 और एक निर्दलीय विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। इसमें कांग्रेस के खंभात से विधायक चिराग पटेल और विजापुर से सीजे चावडा इस्तीफा दे चुके हैं। वहीं वाघोडिया सीट से निर्दलीय धर्मेन्द्रसिंह वाघेला इस्तीफा दे चुके हैं।

शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में दो पूर्व विधायकों भूपत भयाणी और अरविंद लाडाणी समेत आम आदमी पार्टी के जूनागढ़ जिला पंचायत सदस्य रामजी चुडास्मा, कांग्रेस के जूनागढ़ तहसील पंचायत सदस्य भोलाभाई सोलंकी, जूनागढ़ जिला पंचायत महिला और बाल विकास विभाग की पूर्व चेयरमैन सुनीता भायाणी भी भाजपा में शामिल हो गईं।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर