भाजपा नेता लखावत के अनुभव से धरोहरों के जीर्णोद्वार की दिशा में होंगे बेहतर कार्य : सीपी जोशी

जयपुर, 7 फ़रवरी (हि.स.)। वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद ओंकार सिंह लखावत को राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त करने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री डाॅ. अलका सिंह गुर्जर ने शुभकामनाएं दी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत के अनुभव से प्रदेश की धरोहर के जीर्णोद्वार की दिशा में बेहतर कार्य होंगे। प्रदेश में कई ऐतिहासिक धरोहर स्थल आज भी संरक्षण के अभाव में अपनी पहचान खो चुके। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में धरोहर स्थलों के संरक्षण की दिशा में कोई बड़ी उपलब्धि नहीं रही। ऐसे में भाजपा सरकार द्वारा तीसरी बार ओंकार सिंह लखावत को प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा कि लखावत ने अपने पिछले दो कार्यकाल में राजस्थान की धरोहर संरक्षण के लिए बेहतर कार्य करते हुए प्रदेश के करीब 75 से अधिक स्थानीय लोक देवताओं और वीर योद्धाओं को समर्पित स्मारकों तथा पैनोरमा के निर्माण करवाए। लखावत के कार्यकाल में ही जयपुर के धानक्या में पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पैनोरमा बनाया गया। वहीं अध्यात्म व निसर्ग के सौंन्दर्य को समेटे बेणेश्वरधाम के सौंदर्यीकरण में भी लखावत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। साथ ही प्रदेश में महाराणा प्रताप का पैनोरमा, लोक देवता तेजाजी महाराज पैनोरमा सहित कई पैनोरमा तैयार कर विकसित किए।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एक्स पर लिखा कि ओंकार सिंह लखावत की राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर नियुक्ति पर उन्हें बधाई। लखावत ने पिछली भाजपा सरकारों में भी इस पद का ईमानदारी से निर्वहन करते हुए अभूतपूर्व कार्य किये थे। पूरा विश्वास है कि लखावत फिर से राजस्थान की लोक कला और संस्कृति के साथ-साथ यहाँ के इतिहास को सहेजने का काम और बेहतर तरीक़े से करेंगे। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया, मुकेश दाधीच, श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, मोतीलाल मीणा, जगवीर छाबा, प्रदेश मंत्री पिंकेश पोरवाल, प्रदेश मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ, प्रदेश प्रवक्ता पंकज मीणा, लक्ष्मीकांत भारद्वाज, मीडिया संपर्क प्रमुख आनंद शर्मा, पूर्व मीडिया प्रदेश प्रभारी विमल कटियार, भाजपा कार्यालय प्रभारी महेश शर्मा, मीडिया कार्यालय प्रभारी चंपालाल रामावत सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने लखावत की नियुक्ति पर खुशी जताई।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर