तीन हस्तियों को भारत रत्न से सम्मानित होने पर राज्यपाल ने खुशी जताई

लखनऊ, 09 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शुक्रवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव एवं कृषि वैज्ञानिक डाॅ. एमएस स्वामीनाथन को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किये जाने की घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त किया है।

राज्यपाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह जीवन पर्यंत किसानों के हक, उत्थान एवं कल्याण की आवाज बने रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व देश के गृह मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रेरित करने वाला था।

देश के आर्थिक सुधारों के जनक स्व. पीवी नरसिम्हा राव राजनीति के साथ-साथ कई भाषाओं के प्रकांड विद्वान थे। उन्होंने देश की आर्थिक प्रगति की आधारशिला रखी। इसके साथ ही भारत में हरित क्रांति के जनक स्व. डॉ. एम.एस. स्वामीनाथन ने देश को खाद्य उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने और कृषि तथा किसानों को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/सियाराम

   

सम्बंधित खबर