काफी हद तक स्वस्थ हुए मिथुन चक्रवर्ती

कोलकाता, 11 फरवरी (हि.स.)। हिंदी फिल्मों के दिग्गज अभिनेता और भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है। अपोलो अस्पताल की ओर से रविवार शाम जारी बयान में इस बारे में जानकारी दी गई है। इसमें बताया गया है कि फिलहाल वे स्थिर हैं और धीरे-धीरे उनकी हालत काफी हद तक सुधर रही है। अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि मिथुन चक्रवर्ती (73) को सीने में दर्द की शिकायत के बाद शनिवार सुबह 9:40 बजे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के एक अधिकारी ने कहा कि उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। वह पूरी तरह से होश में हैं, स्वस्थ हैं, सक्रिय हैं और उन्होंने हल्का खाना खाया है। अस्पताल से छुट्टी से पहले उनकी कुछ जांच की जाएंगी।

अस्पताल में अभिनेता का एमआरआई भी हुआ है। इसके अलावा चिकित्सा संबंधी उनकी अन्य जांच भी हुईं हैं। देश के तीसरे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित चक्रवर्ती हिंदी, बंगाली, उड़िया, भोजपुरी और तमिल भाषा की लगभग 350 फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। फिलहाल तृणमूल कांग्रेस के विधायक और बांग्ला फिल्मों के दिग्गज अभिनेता सोहम की एक फिल्म की शूटिंग के दौरान शनिवार को उनके सीने में दर्द उठा था जिसके बाद अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर