किसान मोर्चा ने की ग्राम परिक्रमा के लाइव प्रसारण की शुरुआत

नई टिहरी, 12 फरवरी (हि.स.)। जनपद टिहरी गढ़वाल के जौनपुर मंडल के थत्यूड़ से भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के ग्राम परिक्रमा यात्रा के लाइव प्रसारण का शुभारंभ किया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह पुंडीर भी उपस्थित रहे।

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह पुंडीर ने कहा गया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में देश-प्रदेश निरंतर आगे बढ़ रहा है। देश- प्रदेश का किसान भी निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला रही है। इन योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए किसान मोर्चा ग्राम परिक्रमा यात्रा आज से शुरू करने जा रही है।

यह यात्रा में प्रत्येक जिला एवं मंडल स्तर पर टोली बनाई जाएगी। प्रत्येक टोली प्रतिदिन लगभग पांच गांव में संपर्क करेंगे तथा किसानों के उत्थान के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। ताकि कोई भी लाभार्थी योजना के लाभ लेने से वंचित न रह जाए। विशिष्ट अतिथि जिले के प्रभारी जगमोहन सिंह चंद ने कहा कि ग्राम परिक्रमा से जन-जन तक पहुंचने का काम किया जायेगा। लाइव कार्यक्रम मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के शाकंभरी देवी के मंदिर से प्रसारित किया गया। इसमें उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मोर्चा राजकुमार चाहर ने संबोधित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता टिहरी के जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा निहाल सिंह रावत ने की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भाजपा पृथ्वी सिंह रावत, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा प्रताप सिंह राणा, जिला महामंत्री ज्योति वरथवाल, मंडल अध्यक्ष बचन सिंह रावत, कार्यालय प्रभारी किसान मोर्चा कृष्णा राठौर, श्याम सिंह चौहान, वीरेंद्र राणा, शोभना देवी, सुनीता देवी, हीरामणि गौड़ आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल//रामानुज

   

सम्बंधित खबर