पशु अस्पताल के सामने मिला अस्पताल से फरार रोगी, अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवाल

पशु अस्पताल के सामने मिला अस्पताल से फरार रोगी, अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा पर उठे सवाल

हुगली, 16 फरवरी (हि.स.)। हुगली जिले के चुंचूड़ा में पशु अस्पताल के सामने शुक्रवार को हाथ में सैलाइन चैनल के साथ एक व्यक्ति को पड़ा हुआ देखा गया। स्थानीय लोगों को समझते देर नहीं लगी कि मरीज अस्पताल से भाग कर आया है। स्थानीय निवासियों ने दोबारा मरीज को अस्पताल में भर्ती करवाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिंटू देबनाथ नाम का मरीज शुक्रवार सुबह चुंचूड़ा इमामबाड़ा अस्पताल से भाग गया। नवद्वीप का मूल निवासी पिंटू बैंडेल नालडांगा में रहता है। वह सीने में दर्द के कारण पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। वह सुबह भूखा ही अस्पताल से निकल गए। पिंटू देबनाथ ने कहा कि अस्पताल के गेट पर उन्हें किसी ने नहीं रोका।

अस्पताल से निकलने के बाद, पिंटू देबनाथ चुंचूड़ा पशु अस्पताल के सामने सड़क के किनारे पड़े थे। वह वापस अस्पताल जाने में असमर्थ थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें वापस अस्पताल ले जाया गया। जिस बेड पर उन्हें भर्ती किया गया था, वह तब तक किसी अन्य मरीज को आवंटित कर दिया गया था। बाद में उन्हें दूसरे बेड पर भर्ती किया गया।

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज शराब का आदी है। उन्हें पहले भी भर्ती कराया गया था और तब भी वह भागे थे। अस्पताल अधीक्षक अमिताभ मंडल ने कहा, ''उन लोगों को धन्यवाद जो पिंटू देबनाथ को वापस अस्पताल लाए और उन्हें भर्ती कराया। मरीज को उचित इलाज मिले और वह जल्द घर लौट सके, इसकी व्यवस्था की जाएगी।''

बहरहाल, इस घटना के बाद चुंचूड़ा इमामबाड़ा अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर