झाबुआ: पेड़ काटने को लेकर हुए विवाद में एक की मौत, दो घायल

झाबुआ, 16 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के थान्दला अनुविभाग के थाना काकनवानी के ग्राम परवलिया में पेड़ काटने को लेकर शुक्रवार को हुए विवाद में धारदार हथियार से एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले में आरोपित की गिरफ्तारी हेतु प्रयास तेज कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार थाना काकनवानी के अंतर्गत ग्राम परवलिया के जोहा फलिया में पेड़ काटने को लेकर शुक्रवार को हुए खूनी विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गई है। कथित रूप से विवाद उस समय हुआ जब आरोपित व्यक्ति के द्वारा पेड़ काटे जाने को लेकर नाहटिया नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और वह कथित आरोपित को पेड़ काटने से रोकने लगा, तभी विवाद ने खूनी स्वरूप धारण कर लिया और पेड़ काट रहे आरोपित ने उसी घातक हथियार से नाहटिया की हत्या कर दी, और फिर मौके से भाग खड़ा हुआ। विवाद के दौरान बीच बचाव करने वहां पहुंची मृतक की पत्नी और उसकी मां घायल हो गई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।

काकनवानी थाना प्रभारी तारा मंडलोई ने घटना के संबंध में कहा कि आरोपित के बारे में पुलिस को जानकारी प्राप्त हो गई है, और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस जानकारी अनुसार मृतक का नाम नाहटिया पुत्र सड़िया भाबोर निवासी जोहा फलिया ग्राम परवलिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर