खेलो इंडिया को मिलेगा बढ़ावा, देहरादून में बनेगा प्रदेश का पहला रोलर हॉकी रिंक

खेलो इंडिया को मिलेगा बढ़ावा, देहरादून में बनेगा प्रदेश का पहला रोलर हॉकी रिंक 

- खेल अवस्थापना सुविधा मिलने से खिलाड़ियों की निखरेगी प्रतिभा

- डीएम ने परखी स्मार्ट सिटी परियोजना के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति

देहरादून, 21 फरवरी (हि.स.)। देहरादून में प्रदेश का पहला रोलर हॉकी रिंक बनाया जाएगा। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत रोलर हॉकी रिंक बनने से युवा खिलाड़ियों की क्षमता के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अभियान खेलो इंडिया को भी बढ़ावा मिलेगा। खेल अवस्थापना सुविधा मिलने से खिलाड़ियों की प्रतिभा भी निखरेगी।

जिलाधिकारी व मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका ने शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति परखी। सहारनपुर रोड से जीएमएस रोड, चकराता रोड, बिंदाल पुल तथा परेड ग्राउंड एवं पवेलियन में संचालित कार्यों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि खेल अवस्थापना सुविधा के लिए किए जा रहे कार्यों को गुणवत्ता के साथ यशाशीघ्र पूर्ण करें। परेड ग्राउंड में उन्होंने स्केटिंग बोर्ड ग्राउंड के निर्माण कार्यों को फरवरी माह तक पूर्ण करने व रोलर हॉकी रिंक के निर्माण कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जल्द खुलेंगे साईकिल ट्रैक

साईकिल ट्रैक निर्माण पूर्ण होने पर जिलाधिकारी ने ट्रैक के लिए साईकिल रखने व लोगों के लिए खोलने के निर्देश दिए। परेड ग्राउंड में शेड लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि धूप में लोग छांव में बैठ सकें। रेंजर्स ग्राउंड पर निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों में तेजी लाने व रेंजर्स ग्राउंड के भीतर चारों ओर ट्रैक बनाने एवं फिल्ड पर पिच निर्माण करने के साथ टॉयलेट बनवाने का निर्देश दिया।

खाली स्थानों पर बनेगा चिल्ड्रेन पार्क, बढ़ेगी शहर की सुंदरता

जिलाधिकारी ने तिब्बती मार्केट के सामने स्मार्ट सिटी, सिटीज प्राजेक्ट के अंतर्गत विकसित किए गए चिल्ड्रेन पार्क का भी निरीक्षण किया। चिल्ड्रेन पार्क एवं रैंजर्स ग्राउंड में सुरक्षा गार्ड रखने को निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर तथा अन्य क्षेत्रों में खाली जगह को चिन्हित किया जाए, ताकि ऐसे स्थानों को छोटे-छोटे चिल्ड्रेन पार्क के रूप में विकसित किया जा सके। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी ही, छोटे बच्चों के लिए खेल अवस्थापना भी स्थापित की जा सकेगी।

ससमय कार्य पूर्ण करने के निर्देश, सुधारे जाएंगे यातायात के अवरोधक

जिलाधिकारी ने सहारनपुर रोड, जीएमएस रोड से चकराता, बिंदाल पुल तक संचालित कार्यों को समयबद्ध गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने को निर्देश दिए किया। फुटपाथ सहित सड़क चौड़ीकरण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने को कहा। साथ ही यातायात में अवरोधक को भी चिन्हित कर सुधारने का निर्देश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/आकाश

   

सम्बंधित खबर