भाजपा में शामिल होंगे कांग्रेस के कई नेता: भवेश कलिता

गुवाहाटी, 22 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा है कि कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई बड़े नेताओं के साथ उनकी चर्चा चल रही है। कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै के भाजपा में शामिल होने की चर्चा संबंधी सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब तक यह निश्चित नहीं किया गया है कि पार्टी किन-किन नेताओं को अपनी पार्टी में जगह दे सकती है। हालांकि, उन्होंने यह अवश्य कहा कि इस संबंध में चर्चा चल रही है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब कांग्रेस में रहकर स्वयं को अपमानित महसूस कर रहे हैं। पार्टी के जिला अध्यक्षों को पार्टी के बड़े कार्यक्रमों तक की जानकारी नहीं दी जाती है। कांग्रेस में नेता की बात नहीं चलती है, सभी मनमानी करते हैं। ऐसे में इन नेताओं के कांग्रेस में रहने का कोई मतलब नहीं होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले से भी अधिक मतों से यह चुनाव जीतने जा रही है। भाजपा अध्यक्ष आज यहां मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर