बच्चों का शिक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण आवश्यक : राजेन कुमार

खूंटी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। सिंदुआर टोला ग्रामोदय विकास विद्यालय रांची और जीव दया फाउंडेशन यूएस के सहयोग से खूंटी प्रखंड के डुमरदगा एवं मांहु नायक टोली में प्री स्कूल बच्चों के बीच दूध और बिस्कुट का वितरण प्रत्येक दिन किया जाता है।

इसी कड़ी में गुरुवार को 67 बच्चों को यूनिफार्म, जूते-मोजे और उनके अभिवावकों को 50 किलो अनाज( चावल, दाल, आटा, नमक, हल्दी, मसाला, तेल, साबुन) का किट वितरित किया गया। इस अवसर पर संस्था के सचिव राजेन कुमार ने कहा कि बच्चों का शिक्षा एवं स्वास्थ्य संरक्षण आवश्यक है। बच्चों के साथ कोई भी अनैतिक कार्य होता है तो यह जघन्य अपराध है। ऐसी घटना की सूचना तुरंत संस्था को दें, ताकि समय पर उन्हें मदद मिल सके।

संस्था के अरविंद कुमार ने कहा कि बाल विवाह बाल मजदूरी एवं बाल तस्करी से बच्चों को बचाकर शिक्षित एवं स्वस्थ बनाना ही इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। विवेक कुमार गुप्ता ने बताया कि अनाथ बच्चों के लिए कई सरकारी योजनाएं हैं। स्पॉन्सरशिप कार्यक्रम से बच्चों के भविष्य को सुधारा जा सकता है। जिला बाल संरक्षण इकाई इस कार्यक्रम से जोड़ने का कार्य करती है। यदि कोई बच्चा मुसीबत में है तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 112 पर दे सकते हैं, सूचना मिलते ही विभाग तुरंत इस पर मदद के लिए पहुंचेगी। कार्यक्रम को सफल बनाने में डुमरदगा गांव के ग्राम प्रधान फागु मुंडा, संस्था की रेणु देवी, सुलेखा कुमारी आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर