कार की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत, विरोध में सड़क जाम

करीमगंज (असम), 24 फरवरी (हि.स.)। करीमगंज जिले के हरिबासेर इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 पर तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मयना कंदेर (35) की मौके पर ही मौत हो गई। मयना पेशे से बढ़ई बताया गया है। घटना बीती रात करीब साढ़े 11.30 बजे की है।

घटना की जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी मयना बीती रात प्रतिदिन की तरह राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित अपने कार्यस्थल से घर लौट रहा था। रात के करीब 11.30 बजे थे। अचानक लोयाइपोआ से पथारकांदी की ओर तेज गति से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से व्यक्ति सड़क के किनारे जा गिरा, जिसके चलते उसकी जान चली गई।

तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और देखा कि गंभीर रूप से घायल बढ़ई मयना सड़क किनारे पड़ा हुआ था। हादसे के बाद आरोपित कार समेत फरार हो गया। स्थानीय भीड़ ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार पर वाहनों पर लगाम लगाने की मांग करते हुए कार को रोककर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।

खबर मिलते ही पथारकांदी थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ को शांत किया और मृतक के परिवार को न्याय दिलाने का वादा किया। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग से जाम खोल दिया।

लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने फिर से राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। बाद में प्रशासनिक मजिस्ट्रेट और राजस्व मंडल अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक दास ने काफी प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों को नहीं रोक सके। बाद में घटना की सूचना गुवाहाटी में रह रहे विधायक कृष्णेंदु पाल को दी गयी। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की उत्साहित भीड़ से बात की, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हो गया।

बाद में, शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय करीमगंज सिविल अस्पताल भेज दिया गया। मालूम हो कि मृतक मयना कंदेर की एक मां और एक बहन है। परिवार में एकमात्र कमाने वाले की आकस्मिक असामयिक मृत्यु से पूरा परिवार बेसहारा हो गया है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी, विधायक एवं अंचलाधिकारी से हस्तक्षेप कर असहाय परिवार को सरकारी सहायता दिलाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार/मनोजित/श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर