नैनीताल में 17 से 26 मार्च तक मनाया जायेगा फागोत्सव

नैनीताल, 25 फ़रवरी (हि.स.)। नगर की सबसे पुरानी व ऐतिहासिक धार्मिक-सामाजिक संस्था श्रीराम सेवक सभा में रविवार को संस्था ने पिछले 26 वर्षों से मनाये जा रहे फागोत्सव के लिए महिला दलों के साथ बैठक हुई।

बताया गया कि श्रीराम सेवक 1918 से होली का आयोजन करती आ रही है, जबकि फागोत्सव के रूप में होली महोत्सव मनाये जाने का यह 27वां वर्ष है। अध्यक्ष मनोज साह की अध्यक्षता और महासचिव जगदीश बवाड़ी के संचालन में हुई बैठक में तय हुआ कि फागोत्सव-2024 आगामी 17 मार्च को अपराह्न 2 बजे से महिला होली के साथ प्रारंभ होगा।

आगे 18 मार्च को सुबह 11 बजे से तल्लीताल धर्मशाला से होली जुलूस निकाला जायेगा और फागोत्सव का औपचारिक उद्घाटन अपराह्न 2 बजे श्रीराम सेवक सभा भवन में होगा। इस अवसर पर बाहरी महिला होल्यारों के दल प्रस्तुतियां देंगे। 19 मार्च को भी महिला होल्यारों की प्रस्तुतियां होगी, जबकि 20 मार्च को रंग धारण, चीर बंधन व आमला एकादशी के कार्यक्रम अपराह्न 1 बजे से, 21 मार्च को स्कूली बच्चों की प्रस्तुतिकरण, 22 मार्च को महिलाओं व पुरुषों की एकल होलियां, 23 मार्च को श्रीराम सेवक सभा के बाल कलाकारों की होली प्रस्तुतियां, 24 मार्च को रंगों से युक्त होली जुलूस और चीर दहन एवं 26 मार्च को छलड़ी मनायी जायेगी।

बैठक में तय हुआ कि प्रत्येक टीम को अधिकतम 17 मिनट दिए जायेंगे टीम में 10 सदस्य होने अनिवार्य होंगे। बैठक में सभा के संरक्षक गिरीश जोशी, बिमल चौधरी, बिमल साह, राजेंद्र बिष्ट, मुकुल जोशी, मिथिलेश पांडे, आशु बोरा, दिनेश भट्ट, प्रो. ललित तिवारी, सरिता त्रिपाठी खष्टी बिष्ट, रेखा जोशी, डॉ. रेखा त्रिवेदी, कविता गंगोला, तारा राणा, मीनू बुधलाकोटी, रेनू, ज्योति भट्ट, मंजू भट्ट व हेमा पालीवाल आदि लोग शामिल रहे।

लेक सिटी वेलफेयर की महिला होली 17 मार्च को

नैनीताल। नगर की सांस्कृतिक व सामाजिक संस्था लेक सिटी वेलफेयर क्लब की ओर से इस बार महिला होली महोत्सव को धूमधाम से मनाने का फैसला लिया है। लेक सिटी वेल्फेयर क्लब की बैठक अध्यक्ष मीनू बुधलाकोटी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि हर वर्ष की तरह इस बार क्लब के सदस्यों की महिला होली का आयोजन 17 मार्च को शहर के मल्लीताल स्थित सेवा समिती सभागार में होगा।

इसके लिए दीपा पांडे को संयोजक, हेमा भट्ट, रानी शाह, जीवंती भट्ट, अमिता शाह को सह संयोजक नियुक्त किया गया। बैठक में तय किया गया कि इस बार क्लब की स्थापना दिवस यानी 1 अप्रैल को हंस फाउंडेशन के सहयोग 300 लोगों को कंबल, 11 लोगों को सिलाई मशीन, व्हीलचेयर, कानों की मशीन आदि वितरण किए जाएंगे। इसके लिए दीपिका बिनवाल को संयोजक नियुक्त किया गया है। साथ ही इस बार क्लब द्वारा पहली बार चैत्र मास में भिटौली कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें 25 महिलाओं को भिटौली दी जाएगी। इसके लिए प्रगति जैन को संयोजक, सह संयोजक मंजू बिष्ट, अमिता शाह को बनया गया है। बैठक का संचालन रमा भट्ट ने किया। इस दौरान ज्योति ढौंडियाल, प्रेमा अधिकारी, आभा शाह, विनीता पांडे, नीरू शाह, कंचन जोशी, रेखा जोशी, सोनू साह, मधुमिता, रमा भट्ट, कविता त्रिपाठी, गीता, आशा, पल्लवी, मीनाक्षी कीर्ति व दीपा आदि सदस्य मौजूद रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/रामानुज

   

सम्बंधित खबर