मप्रः भाजपा का 10 दिवसीय 'बूथ विजय अभियान' आज से

- प्रदेश के 41 लाख कार्यकर्ता 64,523 बूथों पर 370 वोट बढ़ाने के लिए पहुंचेंगे

भोपाल, 13 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के संगठन विस्तार और जनाधार बढ़ाने के लिए प्रदेश में आज (बुधवार) से प्रदेशभर में 10 दिवसीय बूथ विजय अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश संगठन महामंत्री एवं प्रदेश शासन के मंत्री सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 10 दिनों तक हर दिन दो घंटे बूथ पर रहेंगे।

भाजपा के प्रदेश मंत्री व बूथ प्रबंधन प्रभारी रजनीश अग्रवाल ने बताया कि 22 मार्च तक चलने वाले इस बूथ विजय अभियान के तहत प्रदेश के 64523 बूथों पर 41 लाख पार्टी कार्यकर्ता जाएंगे और जनता से संपर्क कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर हर बूथ पर 370 वोट बढ़ाने के साथ 10 प्रतिशत वोट वृद्धि के लिए कार्य किया जाएगा।

अग्रवाल ने बताया कि बूथ विजय अभियान 13 मार्च से शुरू होकर 22 मार्च तक चलेगा, जिसमें पार्टी के सभी सातों मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी बूथों पर जाएंगे और मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए कार्य करेंगे। अभियान के 10 दिनों में पार्टी कार्यकर्ता 37 फीसदी वोट हर बूथ पर बढ़ाने और प्रदेश में 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लिए युवा मतदाताओं के साथ लाथार्थियों से भी संपर्क करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 18 से 19 साल की आयु के 16 लाख मतदाताओं के साथ संवाद करने के साथ प्रबुद्धजन, की वोटर्स और सभी समाजों, वर्गों के प्रमुख लोगों से भी संपर्क किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, युवा, महिला, खिलाड़ी, शासकीय योजनाओं के लाभार्थी सहित अन्य सभी वर्गों से छोटी-छोटी बैठकों के माध्यम से संपर्क किया जाएगा। पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ नेताओं का सम्मान कर उनसे बूथ में 370 वोट बढ़ाने के लक्ष्य के लिए सहयोग मांगा जाएगा। पन्ना प्रमुखों के साथ बैठक कर करणीय कार्यों पर चर्चा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर