भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य कर रहे प्रवासी भारतीय : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रवासी भारतीय विश्व में सभी जगह भारत का मान व प्रतिष्ठा बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं और भारत में अपनी जड़ों से भी जुडे़ हुए हैं। भारतीय विश्व के विभिन्न देशों में बड़ी शक्ति के रूप में उभरे हैं। प्रदेश अध्यक्ष प्रवासी भारतीय संवाद कार्यक्रम के तहत गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में यूएई से आए प्रवासी भारतीयों के स्वागत कार्यक्रम में बोल रहे थे।

भूपेंद्र चौधरी ने सभी रामभक्तों का अभिनंदन करते हुये कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक, राजनैतिक एवं सांस्कृतिक उन्नति करते हुए विश्व का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। आज देश आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और आर्थिक महाशक्ति बनने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि भाजपा भारत की आस्था, परम्परा, विरासत और अपनी संस्कृति के अनुरूप देश की व्यवस्थाओं के संचालन की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम किया और वैभवशाली नव निर्माण की ओर देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज विश्व में भारत के प्रति सोच बदली है।

श्री चौधरी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि के लिए पांच सदियों का संघर्ष था। संघर्षों के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने सभी का श्रीराम जन्मभूमि रवाना करते हुए प्रभु श्रीराम लला की सब पर कृपा और विश्व मंगल की कामना की।

प्रदेश सरकार के मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रदेश सरकार की ओर से सभी प्रवासी भारतीयों का अभिनंदन करते हुए प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। भाजपा विदेश विभाग के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य नकुल भारद्वाज ने प्रवासी भारतीयों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सोशल मीडिया पर समर्थन के साथ मजबूती देने का आग्रह किया। विदेश संपर्क विभाग प्रदेश संयोजक राजराजेश्वर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/राजेश

   

सम्बंधित खबर