उप्र में अब साफ रहेगा आसमान, तीन दिन बाद बौछारें पड़ने की संभावना

कानपुर, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश में कभी बारिश को लेकर अलर्ट जारी हो रहा है तो किसी दिन मौसम साफ हो जाता है। बुधवार से हवाओं की दिशाएं बदल गईं तो एक बार फिर तापमान बढ़ने लगे और सर्दी गायब हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तीन दिन उत्तर प्रदेश का मौसम साफ रहेगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण स्थानीय स्तर पर हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है, लेकिन तेज बारिश के आसार अब कम होते दिखाई दे रहे हैं।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पंजाब के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है और यह अब पूर्व की ओर आगे बढ़ रहा है। आंतरिक ओडिशा से लेकर छत्तीसगढ़, तेलंगाना और कर्नाटक होते हुए एक निम्न दवाब की रेखा मध्य पूर्व अरब सागर तक फैली हुई है। पूर्वी असम और उससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। ऐसे में अगले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और छिटपुट बर्फबारी संभव है। असम, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा के उत्तरी तट, केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में आगामी तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 17 मार्च से प्रदेश का मौसम फिर से बदलने की उम्मीद जताई गई है। इससे स्थानीय स्तर पर हल्की बौछारें पड़ सकती है और मेघ गर्जन भी हो सकती है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 75 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 40 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं, जिनकी औसत गति 3.4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे आसमान साफ रहने के कारण वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर