श्री राम मंदिर से रामराज्य की ओर, घर घर मनाएंगे रामोत्सव: गजेंद्र

कानपुर,16 मार्च (हि.स.)। श्रीराम मंदिर से रामराज्य की ओर, घर घर रामोत्सव मनाएंगे। रामलला के साथ उनकी मर्यादाओं व हिन्दू संस्कृति की भी पुन: प्राणप्रतिष्ठा हुई। इस दिन यह सिद्ध हो गया कि राम ही राष्ट्र हैं और राष्ट्र ही राम हैं। यह बात शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद कानपुर की प्रांतीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय कार्ययोजना बैठक को संबोधित करते हुए विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेन्द्र ने कही।

उन्होंने कहा कि पूज्य संतों और महापुरुषों के संकल्प, दूरदृष्टी और बलिदानों के बिना यह गौरवशाली पल नहीं आ सकता था। उन सभी ज्ञात-अज्ञात संतों-महापुरुषों को वंदन है, हिन्दू समाज सदैव उनका आभारी रहेगा। 22 जनवरी 2024 के पश्चात् एक नए युग का आरंभ हो गया है। अब राम मंदिर से रामराज्य की यात्रा आरम्भ हो गई है। यह एक सभ्यता का संघर्ष है जिसमें हिन्दू सभ्यता के सांस्कृतिक जीवन मूल्य स्थापित हो रहे हैं। वर्तमान कालखंड भारत के लिए गौरवशाली तथा सकारात्मक परिवर्तन का कालखण्ड है।

उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण विश्व भारतीय संस्कृति की ओर आशा भरी दृष्टि से देख रहा है, क्योंकि उन्हें लगता है कि समस्त वैश्विक समस्याओं का समाधान हिन्दू संस्कृति और जीवन मूल्यों से ही मिल सकता है। आने वाला समय भारत का समय है। श्रीराम मन्दिर इस परिवर्तन का आधार बन रहा है। श्रीराम मन्दिर अनन्तकाल तक सम्पूर्ण मानवता को प्रेरणा का संदेश देता रहेगा।

हिन्दू समाज अनुशासित, संस्कारित, मर्यादित, कर्तव्यनिष्ठ और धर्माधारित जीवन जीने वाला समाज निर्माण करे। समरस, समृद्ध, सशक्त, सुरक्षित व संगठित समाज निर्माण में सभी अपनी सक्रिय भूमिका निभायें। महिलाओं की गरिमा और सहभागिता सुनिश्चित करने वाला, पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण करने वाला, समस्त विघटनकारी राष्ट्र विरोधी शक्तियों को पराजित करने वाला, सर्वे भवन्तु सुखिनः की कामना करने वाला समाज निर्माण रामजी की कृपा से हम सभी कर सकेंगे, ऐसा हमारा दृढ़ विश्वास है।

रामोत्सव बने ग्रामोत्सव: परमेश्वर

विहिप के प्रान्त संगठन मंत्री परमेश्वर ने कहा कि आगामी चैत्र प्रतिपदा से हनुमान जयंती तक घर घर रामोत्सव के कार्यक्रम होंगे। जनमानस के हर वर्ग जैसे किसान छात्र आदि सभी का सम्मान तथा सहभागिता रामोत्सव में हो। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद अब प्रत्येक हिन्दू अपने जीवन में रामलला के आदर्शों की प्राणप्रतिष्ठा करें। अपने जीवन को उनकी मर्यादाओं का दर्पण बनाना है, तभी हम इस महान कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना पायेंगे।

विहिप प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना ने सीएए के संबंध में कार्यकर्ताओं से चर्चा की।विहिप प्रान्त कार्याध्यक्ष डॉ उमेश पालीवाल ने राष्ट्रहित हिंदू हित में शत प्रतिशत मतदान का आह्वान जन जन तक पहुंचे इस संदर्भ में चर्चा की।

विहिप कानपुर प्रान्त प्रचार प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी ने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद कानपुर प्रान्त की प्रांतीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय कार्ययोजना बैठक सेठ एम आर जयपुरिया स्कूल नारामऊ में संपन्न हुई।

बैठक में प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर जितेन्द्र दास, विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र , विहिप प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना, कार्याध्यक्ष डॉ उमेश पालीवाल, प्रांत मंत्री राजू पोरवाल , प्रान्त संगठन मंत्री परमेश्वर रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर