चमोली में लोस चुनाव की तैयारियां जोरों पर, 19 जोनल एवं 125 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती

गोपेश्वर, 18 मार्च (हि.स.)। चमोली जिले में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। जिला प्रशासन शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए दिन रात जुटा है। मतदान को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए 19 जोनल एवं 125 सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 10 वीडियो निगरानी टीम, 20 उड़नदस्ता, 24 स्थैतिक निगरानी तथा तीन वीडियो अवलोकन टीमें बनाई गई है।

जनपद चमोली में तीनों विधानसभा (बदरीनाथ, थराली तथा कर्णप्रयाग) में 299778 मतदाता पंजीकृत हैं, जिसमें पुरुष 152866, महिला 146910 तथा 02 थर्ड जेंडर हैं। इसके अतिरिक्त 10372 सर्विस मतदाता हैं। जनपद में 3167 दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 2282 मतदाता हैं। सबसे अधिक 1136 दिव्यांग मतदाता थराली विधानसभा में पंजीकृत हैं।

जिले में 592 मतदेय स्थल हैं, जिसमें बदरीनाथ में 210, थराली में 203 तथा कर्णप्रयाग में 179 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से इस बार 592 मतदेय स्थलों में से 304 मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की गई है। पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में जनपद में 56.77 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि विधानसभा निर्वाचन 2022 में 61.33 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार लोकसभा चुनाव प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से स्वीप के तहत प्रत्येक मतदेय स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और गांव स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं को बूथ तक आने जाने के लिए वॉलियंटर की व्यवस्था की गई है। निर्वाचन ड्यूटी में तैनात कार्मिकों को ईडीसी से वोटिंग की सुविधा बनाई गई है। जिला प्रशासन की ओर से हर व्यक्ति को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है।

लोकसभा चुनाव के लिए सबसे अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों में कृषि विज्ञान केन्द्र ग्वालदम है, जिसमें 614 महिला तथा 581 पुरुष मतदाता सहित कुल 1195 मतदाता पंजीकृत हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पपडियाणा में 640 महिला तथा 534 पुरुष मतदाता सहित कुल 1174 मतदाता पंजीकृत हैं। प्राथमिक विद्यालय पज्याणा में 550 महिला तथा 582 पुरुष सहित 1132 मतदाता पंजीकृत हैं। सबसे कम मतदाता वाला मतदेय स्थल प्राथमिक विद्यालय सकण्ड है जिसमें 27 महिला, 31 पुरुष सहित 58 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय पैंका जिसमें 34 महिला तथा 31 पुरुष सहित कुल 65 मतदाता हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/जगदीश/सत्यवान/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर