केन्द्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक पहुंची मथुरा, शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद

शंकाराचार्य 

मथुरा,19 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री प्रतिमा भौमिक ने आज गोवर्धन परिक्रमा मार्ग स्थित श्री आद्य शंकराचार्य आश्रम में गोवर्धन मठ पुरी पीठ के 145वें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ जी महाराज से आशीर्वाद लिया।

प्रतिमा भौमिक ने इस दौरान भगवान श्री आद्य शंकराचार्य की 2500 साल प्राचीन चरण पादुकाओं का पुष्प अर्पित कर पूजन भी किया। इसके बाद उन्होंने कृष्ण भक्ति लीला सहित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक विषयों पर जगद्गुरू से चर्चा की।

शंकराचार्य जी अखण्ड भारत यात्रा के मध्य होली महोत्सव के पावन अवसर में इस समय ब्रज के प्रवास पर हैं। इस दौरान उनके आश्रम में तमाम विशिष्ट जनों का आवागमन जारी है।

नवम्बर 2021 से अखण्ड भारत की यात्रा पर हैं शंकराचार्य

गोवर्धन मठ के प्रवक्ता ने बताया कि शंकराचार्य अधोक्षजानन्द देवतीर्थ नवम्बर 2021 से 12 ज्योतिर्लिंग और 52 शक्तिपीठ यात्रा के अन्तर्गत अखण्ड भारत का भ्रमण कर रहे हैं। देश के विभिन्न राज्यों समेत श्रीलंका, भूटान, बांग्लादेश, नेपाल, थाईलैण्ड और कम्बोडिया की यात्रा उन्होंने सम्पन्न की है। शीघ्र ही वह अखण्ड भारत के अन्य 12 देशों की यात्रा करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/बृजनन्दन/मोहित

   

सम्बंधित खबर