24 कुंडीय राष्ट्र चेतना गायत्री महायज्ञ 21 मार्च से, किया गया भूमि पूजन

खूंटी, 19 मार्च (हि.स.)। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांति कुंज के तत्वावधान में 21 से 24 मार्च तक खूंटी में आयोजित होने वाले 24 कुंडीय राष्ट्र चेतना गायत्री महायज्ञ के लिए मंगलवार को स्थानीय खूंटी क्लब प्रांगण में भूमि पूजन किया गया। खूंटी के ही सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ चंद्रशेखर जयसवाल और उनकी पत्नी शोभा जयसवाल ने यजमान की भूमिका निभाई।

भूमि पूजन अनुष्ठान शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे समयदानी परिव्रजक राजेंद्रजी और स्थानीय साधक मदन मोहन गुप्ता द्वारा संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रों के सामवैदिक गायन के साथ यज्ञाहुति प्रदान की गई। इस दौरान भारत की मिट्टी से हमको अनुपम प्यार है और ओ धर्म की पताका फहरो धरा गगन में जैसे युग गीतों द्वारा श्रद्धालुओं के बीच उत्साह का संचार किया गया।

उल्लेखनीय है कि 21 से 24 मार्च तक खूंटी क्लब प्रांगण में 24 कुंडीय राष्ट्र चेतना जागरण गायत्री महायज्ञ का आयोजन होगा। गायत्री परिवार खूंटी शाखा द्वारा इसकी जोरदार तैयारी की जायेगी। इस संबंध में बालमुकुंद कश्यप ने बताया कि प्रतिदिन प्रातः प्रभात फेरी और पूरे दिन सदस्यों द्वारा विभिन्न गांवों में ग्रामप्रवज्या करते हुए श्रद्धालुओं को महायज्ञ की जानकारी दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर