राजस्थान के छह जिलों में हीटवेव की चेतावनी, अभी से तप रहा बाड़मेर

जयपुर, 20 मार्च (हि.स.)। प्रदेशभर में मौसम तेजी से गर्मी की ओर बढ़ रहा है। मौसम केंद्र नई दिल्ली ने राजस्थान में 23 और 24 मार्च को हीटवेव चलने का यलो अलर्ट दिया है। हीटवेव का ज्यादातर असर पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जालोर, जोधपुर और फलौदी क्षेत्र में रहेगा। इस दौरान इन शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर जा सकता है।

प्रदेश में गुजरे 24 घंटे में बाड़मेर में सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन में अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रहा। अजमेर, अलवर, कोटा, जोधपुर में भी न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने से रात में भी सर्दी कम हो गई। मौसम केन्द्र जयपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक हिमांशु शर्मा ने बताया कि राज्य में अगले दो-चार दिन तापमान में इसी तरह उतार-चढ़ाव रहेगा। राज्य में आज बाड़मेर, जोधपुर, जैसलमेर के साथ जयपुर में न्यूनतम तापमान बढ़ गया। यहां आज रात में पारा 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया। श्रीगंगानगर, कोटा, अजमेर, बीकानेर में भी आज न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। सबसे कम तापमान सीकर में 10.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

राजस्थान के पश्चिमी जिलों में अब गर्मी तेज होने लगी है। यहां कल सबसे ज्यादा गर्म दिन बाड़मेर में रहा, जहां तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ये मार्च के महीने का सबसे ज्यादा तापमान है। इसी तरह जालोर में पारा 37.2, फलौदी में 36.2 और जैसलमेर में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस मापा गया। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अब धीरे-धीरे उत्तरी हवा का प्रभाव कम होने लगा है। पश्चिमी से गर्म हवा आनी शुरू हो गई। इससे पश्चिमी राजस्थान (जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जालोर, जोधपुर और फलौदी) के जिलों में तापमान बढ़ने लगा है। संभावना है कि अगले सप्ताह से राज्य दिन में तेज गर्म हवा (हीटवेव) चलनी शुरू हो जाएगी। वर्तमान में गुजरात के पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव चलनी शुरू हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर