धार्मिक जुलूस पर पथराव से पहुना में गर्माया माहौल, उपचार के दौरान मौत, पुलिस ने संभाला मोर्चा

चित्तौड़गढ़, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के राशमी थाना क्षेत्र में आने वाले पहुना में दशमी पर निकाले जाने वाले धार्मिक जुलूस के दौरान मंगलवार रात को समुदाय विशेष के युवकों द्वारा पथराव करने से माहौल गर्मा गया। पथराव में एक दर्जन लोगों के चोटिल हुए। घायलों को उपचार के लिए भीलवाड़ा ले जाया गया था। इस दौरान श्यामलाल छिपा की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। प्रशासन ने इसके हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही है। श्यामलाल की मौत की जानकारी मिली तो लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर समुदाय विशेष के 18 लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं।

पुलिस के अनुसार दशमी को निकलने वाला धार्मिक जुलूस मंगलवार रात को मस्जिद के पास पहुंचा तो समुदाय विशेष के लोग आपत्ति जताते हुए गाली गलौच करने लगे। यहां लोगों से मारपीट कर दी तथा पथराव भी किया गया। इससे पहुना कस्बे में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर थानाथिकारी श्यामराज सिंह ने मौका स्थिति को देखते हुए उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। इस पर जिला कलेक्टर आलोक रंजन, पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह रतनु सहित जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता पहुंचा। मौका स्थिति देखते हुए बुधवार रात को अतिरिक्त जाप्ता पहुंचा। प्रशासन हालत पर नजर रखे हुए हैं और नियमानुसार कार्रवाई जारी है।

इस मामले में चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्टर आलोक रंजन और पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी का संयुक्त बयान सामने आया है। जिला कलेक्टर ने बताया कि रात को शोभायात्रा निकालने के दौरान यह विवाद हुआ था। मस्जिद के सामने दोनों पक्ष आमने-सामने हुए थे। एक व्यक्ति के सिर में चोट आई थी, जिसे भीलवाड़ा रैफर किया गया था। बाद में एक अन्य व्यक्ति की मौत होने का समाचार मिला। लेकिन जो स्थानीय कंपाउंड है उससे बात हुई है। इसमें सामने आया कि हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई है। रंजन ने बताया कि मैं और पुलिस अधीक्षक रात को ही मौके पर पहुंच गए थे। हालात नियंत्रण में है तथा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि रात को ही प्रकरण दर्ज कर लिया था। 18 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिन लोगों ने माहौल बिगाड़ा है और बिगाड़ने का प्रयास किया उनके खिलाफ पुलिस आवश्यक कार्यवाही कर रही है। मृतक के शव के पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों से समझाइश कर ली गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/अखिल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर