लोकसभा चुनाव: भाजपा कार्यकर्ता वर्षों भर बूथों पर करते हैं काम : सौरभ बहुगुणा

देहरादून, 21 मार्च (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता सिर्फ लोकसभा या अन्य चुनावों में नहीं बल्कि पूरे वर्ष भर बूथों पर कार्य करते हैं। इन्हीं के बदौलत भाजपा चुनावों में जीत दर्ज करती आ रही है। इस बार भी लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करेगी।

लोकसभा चुनावों को लेकर उत्तराखंड में भी तैयारियां तेज हो गई हैं। अब भारतीय जनता पार्टी जनता को साधने के लिए अपने रणनीति को आखिरी रूप दे रही है। मंत्री सौरभ की कार्य करने की शैली को देखते हुए पार्टी ने कुमाऊं मंडल के दो लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी फहले से दे रखी है।

मंत्री सौरभ ने कहा कि लोकसभा चुनाव को पूरी योजना और विकास के मुद्दों को लेकर पार्टी चुनाव मैदान में है। हमारे कार्यकर्ता चुनाव को लेकर पूरी तैयारी के साथ दिन-रात मेहनत के साथ काम कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। भाजपा ऐसी पार्टी है जो सिर्फ चुनाव के समय नहीं बल्कि हम पांचों साल तक काम में जुटे रहते हैं। कार्यकर्ता बूथों पर रहकर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं। आज इसी का परिणाम है भाजपा विश्व की नम्बर वन पार्टी बनी हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 10 साल में देश में हुए विकास की उपलब्धियों और राज्य के धामी सरकार के विकास को लेकर लोकसभा के चुनाव मैदान में पार्टी उतरी है। जिसका फायदा निश्चय ही मिलने वाला है।

उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में कई बड़े नेताओं की जनसभाएं भी उत्तराखंड में होने जा रही हैं। इसके लिए प्रदेश नेतृत्व की ओर से केंद्रीय नेतृत्व से मांग की गई है। केंद्रीय नेताओं का जल्द ही कार्यक्रम तय होने वाले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर