भाजपा के पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल कांग्रेस में शामिल

जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रहलाद गुंजल गुरुवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की मौजूदगी में गुंजल कांग्रेस में शामिल हुए।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारी सुरक्षा की गारंटी होती है वह डर का कारण नहीं हो। नौजवान कार्यकर्ताओं को हिम्मत के साथ मुकाबला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जोर और जुल्म राजनीतिक की ताकत बन गई है। सत्ता के बूते खुद्दारी को खरीदने का प्रयास किया जा रहा है।

इस मौके पर गुंजल ने आरोप लगाया कि कोटा भाजपा में एक व्यक्ति, परिवार का कब्जा हो गया है। एक तरफ खुद्दारी और एक तरफ खरीदारी है। आज भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और सिद्धांत से जुड़ा हुआ खुद्दार कार्यकर्ता खून के आंसू रो रहा है। गुंजल ने कहा कि मैं किसी नेता के भाइयों की चमचागिरी करने और किसी नेता की दर-पट्टी बिछाने के लिए राजनीति में नहीं आया। राजनीति का चेहरा मोहरा एक व्यक्ति की दरी पट्टी उठाने तक सीमित हो गया है।

गुंजल ने कहा कि मैं भाजपा में किसी से जूनियर नहीं हूं। मैं जब पहली बार विधायक था तो आज के मुख्यमंत्री सरपंच बनने की दौड़ में भाग रहे थे।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर गुंजल कांग्रेस प्रत्याशी शांति धारीवाल के सामने हार गए थे। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और गुंजल के बीच भी लंबे समय से सियासी रूप से टकराव के समाचार सामने आते रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर