साम्बा में चौ. लाल सिंह का नेताओं व कार्यकर्ताओं ने किया ज़ोरदार स्वागत

साम्बा। स्टेट समाचार
दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में घर वापसी करते हुए कांग्रेस का दामन थामने के बाद वीरवार को चौधरी लाल सिंह जम्मू पहुंचे। जम्मू एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के आला नेताओं, कार्यकर्ताओं व चौधरी लाल सिंह के समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया जिसके बाद चौधरी लाल सिंह कठुआ के लिए रवाना हुए। वहीं, सांबा जिले में पहुंचने पर कांग्रेस पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं व उनके समर्थकों ने उनके जिले के बड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर सांबा और घगवाल में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया और फूल मालाएं पहना, पटाखे फोड़ व गुलाल उड़ाकर चौधरी लाल सिंह का भव्य स्वागत किया।वहीं सांबा में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष यशपाल कुंडल, जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा, वर्किंग कमेटी के जिला अध्यक्ष बब्बल गुप्ता, परमवीर सिंह जम्वाल, संदीप सिंह संबयाल ने भी चौधरी लाल सिंह का जोरदार स्वागत किया और उन्हें फूल मालाएं पहनाई। वहीं, इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और चौधरी लाल सिंह के समर्थकों ने देखो कौन आया जम्मू का शेर आया शेर आया आदि के नारे भी लगाए। चौधरी लाल सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि वह बहुत खुश है और दैनिक स्टेट समाचार के पत्रकार के एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी लोकसभा चुनाव में किसी के साथ कोई टक्कर नहीं है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष यशपाल कुंडल और जिला अध्यक्ष संजीव शर्मा व बबल गुप्ता ने कहा कि चौधरी लाल सिंह की कांग्रेस में वापसी एक ऐतिहासिक फैसला है। इससे जम्मू संभाग ही नहीं बल्कि जम्मू कश्मीर में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि चौधरी लाल सिंह एक कद्दावर नेता है जिनके कांग्रेस में वापस आने से नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी ने चौधरी लाल सिंह को उधमपुर डोडा कठुआ लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया तो निश्चय ही चौधरी लाल सिंह जीत हासिल करेंगे।

   

सम्बंधित खबर