रायपुर : इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का बयान

रायपुर, 23 मार्च (हि.स.)। इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर लोकसभा चुनाव में सियासत गरमा गई है। पीसीसी चीफ दीपक बैज के बयान पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में कुल 20 हजार करोड़ रुपये इलेक्टोरल बॉन्ड जारी किए गए थे। इसमें भाजपा के पक्ष में छह हजार करोड़ जारी हुए थे। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बाकी के 14 हजार करोड़ रुपये किसके पक्ष में जारी हुए, यह बड़ा सवाल है।

उन्होंने कहा कि हमारे 303 सांसद हैं और 6 हजार करोड़ हमारा है, तो जिनके 240 सांसद हैं उनके 14 हजार करोड़ रुपये हैं। इसके बावजूद भाजपा को दोषी बताना उनकी ओछी मानसिकता है। कांग्रेस के खाता बंद करने के सवाल पर कहा कि जनता किसका अकाउंट बंद करेगी, यह उन्हें जल्द पता लग जाएगा। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की ओर से महिलाओं को विश्वास में लेकर घर-घर जाकर एक लाख रुपये के लिए फॉर्म भरवाने के सवाल पर कहा कि सारी जनता उनसे नाराज है। वैसे घर-घर जाकर उन्हें सबको मनाना चाहिए। पसीना बहाना चाहिए। उनका पुराना इतिहास जैसा है, वैसा ही जनता ने निर्धारित कर रखा है। यह सबको मालूम है।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मामला विश्वसनीयता का है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस की घोषणा भाजपा से कही ज्यादा रही। इसके बावजूद महिलाओं ने भाजपा को जनादेश दिया। कांग्रेस विश्वसनीयता खो चुकी है। बड़ा सवाल यह है कि क्या केंद्र में कांग्रेस की सरकार बन रही है। क्योंकि पीएम मोदी का काम सबको दिख रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के 10 साल के कामकाज के बाद सब कुछ स्पष्ट है। देश कैसा चाहिए और कैसे ताकतवर बन सकता है। जनता यह देख रही है। इतना ही नहीं बस्तर लोकसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार घोषित नहीं करने को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर