31 मार्च को होने वाली गठबंधन की महारैली को सफल बनाने का किया आह्वान

हरिद्वार, 27 मार्च (हि.स.)। 31 मार्च को इंडी एलाइंस की महारैली की तैयारियों को लेकर एक बैठक आम आदमी पार्टी जिला कार्यालय में हुई, जिसमें महा रैली को कामयाब बनाने और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर निंदा प्रस्ताव पारित किया।

बैठक में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद अली ने महारैली को कामयाब बनाने और हरिद्वार जिले से 300 कार्यकर्ताओं के दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को कामयाब बनाने का संकल्प लिया। सभी कार्यकर्ताओं ने अपने राष्ट्रीय नेता की गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए एक स्वर में रामलीला मैदान में भी केजरीवाल का नारा देते हुए दिल्ली पहुंचने की बात कही।

प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद अली ने कहा कि आज तानाशाही का राज है। देश की सर्वोच्च स्वायत्त संस्थाएं केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए कहा कि पार्टी का हर नेता केजरीवाल है। आप अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकते हो, लेकिन उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे। देश में ही नहीं आज विदेशाें में भी केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। केंद्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान की धज्जियां उड़ा रही है।

आजाद अली ने सर्वसम्मति से 31 मार्च के लिए एक कमेटी का गठन किया, जिसका नेतृत्व पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष महिला मोर्चा हेमा भंडारी और पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सैनी करेंगे। हेमा ने कहा कि आज 10 लोगों की कमेटी बनाई गई है, जिनके नेतृत्व में 31 मार्च को लगभग 300 पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली स्थित रामलीला मैदान में कूच करेंगे। हरिद्वार विधानसभा से अकरम और परवीन कुमार, ज्वालापुर विधान सभा से ब्रह्म पाल सिंह चौहान, हरिद्वार ग्रामीण से यशपाल सिंह चौहान एवं संजू नारंग, रानीपुर विधान सभा से अनूप मेहता एवं सनोर्व अंसारी विधान सभाओं में नेतृत्व करेंगे।

पूर्व जिला अध्यक्ष इंजीनियर संजय सैनी ने कहा की इंडी एलायंस की महारैली में लगभग 50 लाख लोगों के जुटने का लक्ष्य है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए भाजपा को हराना आवश्यक है।

बैठक में संजू नारंग, आशीष गॉड, ब्रह्मपाल सिंह चौहान, यशपाल सिंह चौहान, अनूप मेहता, तेजपाल सिंह, अजय मुखिया, रेखा देवी, अकरम, सनोवर अंसारी, सागर तेश्वर, कुर्बान अली, शाहीन अशरफ, गीता, राकेश कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर