श्रीकृष्ण जन्मभूमि में जल्द विराजमान होंगें ठाकुर जी : पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

मथुरा, 27 मार्च (हि.स.)। पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि अब वह दिन दूर नही जब मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण के जल्द भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। यह बात पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। वृंदावन में बुधवार को बाबा बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहुंचे। उन्होंने बांकेबिहारी मंदिर में कन्हैया के दर्शन किए। आश्रम में जाकर संतों का आशीर्वाद लिया। धर्म अध्यात्म पर चर्चा की।

कान्हा की नगरी श्रीधाम वृंदावन में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार को पहुंचे। जहां उन्होंने गोरेलाल कुंज, महंत किशोरीदास महाराज से मिले। इसके बाद वह भागवत आचार्य श्रीकृष्ण शास्त्री ठाकुर जी महाराज के निवास पहुंचे। यहां भागवताचार्य इंद्रेश शास्त्री से मुलाकात की। इसके अलावा वह भागवताचार्य श्यामसुंदर पराशर, अनिरुधाचार्य के आश्रम भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिरों में पूजन अर्चना के साथ संतों का आशीर्वाद भी ग्रहण किया।

मीडिया से रूबरू हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि वृंदावन के 20 किलोमीटर दायरे में मांस और शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए, उन्होंने कहा कि मथुरा आते वक्त हाईवे पर अंग्रेजी शराब की दुकान देखी तो उन्हें दुख हुआ। जिस प्रकार से अयोध्या में रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हुए हैं, उसी प्रकार भगवान कृष्ण भी मथुरा में भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। इसके लिए उनके सिरमौर बृजवासी और संतजन प्रयासरत हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि रामराज्य की स्थापना और सनातन धर्म की रक्षा के लिए आगामी लोकसभा चुनाव में अपने मत का प्रयोग सभी देशवासी करें। कहा कि वह जल्द ही वृंदावन में कथा करेंगे। बृज में दरबार की आवश्यकता नहीं है। यहां सबसे बड़ा दरबार बांकेबिहारी महाराज का है। जहां हनुमान जी भी भक्ति में रहते हैं। ऐसी ब्रज में उनके बालाजी महाराज की कृपा से कथा का अवसर यहां प्राप्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/महेश/मोहित

   

सम्बंधित खबर