मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन में भरी हुंकार

Photos

सहारनपुर, 28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर पहुंचकर जनमंच प्रेक्षागृह में प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि एक तरफ तो हमने सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय के स्वप्न को साकार किया है, वहीं दूसरी तरफ आतंकवाद से निपटने के लिए देवबंद में एटीएस केंद्र की स्थापना भी की है। मां शाकंभरी देवी के चरणों में नमन करते हुए उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया। इस दौरान कई मुद्दों पर जनता की नब्ज भी टटोली, पिछली सरकारों के कार्यों की उदासीनता और वर्तमान में मोदी सरकार के कार्यों की तुलना भी की। भाजपा अपने 400 सीटों के लक्ष्य को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती, इसलिए खासतौर पर उन सीटों पर तवज्जो दे रही है जो 2019 में हार गयी थी। सहारनपुर लोकसभा सीट भी उनमें से एक है।

योगी आदित्यनाथ ने एक-एक वोट की वैल्यू बताते हुए कहा कि यदि आपका एक वोट गलत हाथों में चला जाए तो आपको अराजकता, कर्फ्यू, दंगे और भ्रष्टाचार झेलना पड़ा है। पहले की सरकारों में गुरूद्वारे पर कब्जे के प्रयास मे कर्फ्यू लगता था पलायन होता था और अब मोदी के हाथों में आने से कावड़ यात्रा निकलती है। पहले अराजकता का माहौल रहता था और अब व्यापारी और बेटी सुरक्षित है। पहले की सरकारें वोटबैंक की राजनीति के चलते एक वर्ग विशेष का तुष्टीकरण करती थी अब हिन्दू आस्था का सम्मान होता है। उन्होंने कहा अवध मे होली खेले रघुवीरा...यह गाना बजता था लेकिन रामलला कभी होली नही खेल पाये लेकिन भाजपा सरकार आते ही 500 वर्ष के बाद अयोध्या मे भगवान राम का भव्य मंदिर भी बना और रामलाल ने इस वर्ष धूमधाम से होली भी खेली। अब भारत का सम्मान भी विदेश में बढ़ा है। सीमा सुरक्षा सुदृढ़ हुई है तो आंतरिक सुरक्षा भी ठीक हुई है। कश्मीर से धारा 370 हटी तो आंतकवाद पर रोक लगी है। उन्होंने नारा लगाया फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार।

उन्होंने केंद्र सरकार की हर घर बिजली, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आवास योजना, मुफ्त राशन जैसी कई योजनाएं गिनाते हुए कहा कि सहारनपुर ने सपने में भी नहीं सोचा था कि यहां मां शाकंभरी विश्वविद्यालय का सपना साकार हो जाएगा। उन्होंने सहारनपुर के काष्ट कला उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि सहारनपुर का कारीगर ऐसा फर्नीचर बनाएगा कि विश्व में उसका नाम होगा, सहारनपुर का विकास होगा तो प्रदेश का विकास होगा। हमारी सरकार मे सहारनपुर की सड़क, रेल और वायुयान की कनेक्टिविटी बहुत बेहतर हुई है। सहारनपुर से दिल्ली का सफर 7 घंटे की बजाए अब 2 घंटे में पूरा होता है। जल्द ही सहारनपुर लखनऊ, दिल्ली के लिए एयर कनेक्टिविटी भी शुरू होने वाली है। उन्होंने सभी से स्वयं को उम्मीदवार मानकर चुनाव में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि घर-घर जाकर चुनाव प्रचार करें और पिछली बार का चुनाव परिणाम बदल कर विपक्षियों की जमानत जब्त करायें।

इस दौरान राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि टिकट देकर पार्टी ने तो उन्हें आशीर्वाद दे दिया है बस अब आपको मुझे अपना आशीर्वाद देना है और वोट देकर संसद भेजना है जिससे सहारनपुर के विकास को चार चांद लगाए जा सकें।

प्रबुद्ध सम्मेलन में भाजपा पश्चिम क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येन्द्र सिसोदिया, उत्तर प्रदेश सरकार में औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री कुंवर बृजेश, विधायक देवेंद्र निम, राजीव गुंबर, जिला अध्यक्ष महेन्द्र सैनी, नगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी मांगेराम, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक जगपाल सिंह राकेश जैन, महापौर अजय सिंह, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, पूर्व विधायक नरेश सैनी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहन

/मोहित

   

सम्बंधित खबर