विपक्षियों का चक्रव्यूह तोड़कर राष्ट्रवाद का कमल खिलाएं : सुनील बंसल

जिला पंचायत अध्यक्ष के आवास पर

--प्रयागराज की दोनों लोकसभा सीट प्रचंड बहुमत से जीतना है : सुनील बंसल

प्रयागराज, 31 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, तेलंगाना के प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल ने रविवार को बमरौली एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रयागराज की दोनों लोकसभा सीट प्रचंड बहुमत के साथ जीतना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का हर पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने बूथ को कुरुक्षेत्र का मैदान समझे और अर्जुन की तरह विपक्षियों का चक्रव्यूह तोड़कर पिछले लोकसभा के चुनाव में पाए बूथों पर वोट को 370 करके राष्ट्रवाद का कमल खिलाए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत निर्माण के लिए अब की बार 400 पार मोदी सरकार का बनाने के लिए संकल्प लेकर कार्य करें।

सुनील बंसल लगभग एक घंटा एयरपोर्ट पर रहे। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ बीके सिंह एवं महापौर गणेश केसरवानी ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। राष्ट्रीय महामंत्री ने प्रयागराज की दोनों लोकसभा सीट को लेकर चर्चा की और कहा कि देश के कोने-कोने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर दौड़ रही है। इस बार पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और उड़ीसा में भारतीय जनता पार्टी अपने सहयोगी दलों के साथ एनडीए का परचम लहराने जा रही है।

मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर अशोक बाजपेयी, पदुम जायसवाल, वरुण केसरवानी, प्रशांत शुक्ला, नीरज पांडे, आयुष अग्रहरी आदि मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल का स्वागत पूर्व जिलाध्यक्ष यमुनापार विभवनाथ भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अलोपीबाग पटेल संस्थान पर किया। जिलाध्यक्ष यमुनापार विनोद प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती आदि ने बुके, अंगवस्त्रम् देकर स्वागत किया। राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि देश की जनता तीसरी बार मोदी सरकार बनाने का मन बना चुकी है। पर लक्ष्य 400 पार हो इसलिए ज्यादा मेहनत करनें की आवश्यकता है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि सुनील बंसल ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.वीके सिंह के जन्मदिन पर उनके आवास पहुंच कर डॉ वीके सिंह को स्वस्थ्य एवं दीर्घायु रहनें की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष के पिता वरिष्ठ नेता डॉ. देवराज सिंह आदि के साथ भारी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर