अफजाल अंसारी के घर पहुंच सपा नेता धर्मेन्द्र ने मुख्तार अंसारी की मौत पर जताया दुख, कब्र पर चढ़ाया फूल

—सांसद अफजाल अंसारी बोले, जिन्होंने समझा कि मुख्तार की कहानी खत्म हो गयी है,वो गलतफहमी में

गाजीपुर,01 अप्रैल(हि.स.)। समाजवादी पार्टी के नेता और आजमगढ़ से पार्टी प्रत्याशी धर्मेन्द्र यादव सोमवार को गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी के मोहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास पहुंचे। यहां सपा नेता ने मुख्तार अंसारी के कब्र पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्तार के परिजनों खासकर उनके बेटे से मिले और ढाढ़स बढ़ाया। परिजनों से बातचीत के बाद धर्मेन्द्र यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उच्च न्यायालय के सिटिंग न्यायाधीश से इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। न्यायिक अभिरक्षा में सिर्फ मुख्तार अंसारी की मौत नहीं हुई है। बल्कि इसके पहले अन्य कई लोगों की भी हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट को भी मामले का संज्ञान लेना चाहिए।

इसके पहले सांसद अफजाल अंसारी ने भी पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार समझ रही है कि मुख्तार की कहानी का द ऐंड कर दिया। ये सही है कि मुख्तार अब दुनिया में नहीं रहे। जो राज धर्म है उसकी हत्या हुई है। डाक्टर, जेल प्रशासन, एलआईयू, एसटीएफ ने वेल प्लान्ड मर्डर किया है। जांच के लिये उनका बिसरा प्रीजर्व हुआ है।

अफजाल अंसारी ने कहा कि जिन्होंने समझा कि मुख्तार की कहानी खत्म हो गयी है,वो गलतफहमी में है। अब तो कहानी शुरु हुई है। अफजाल अंसारी ने कहा कि मुख्तार के शव को खास तरीके से दफनाया गया है, जिससे आने वाले 20 सालों तक शव की जांच हो सकती है। शव को इस तरह से दफनाया गया है कि 5, 10 या 20 साल बाद भी नाखून और बाल से जांच हो सकती है। जिससे मौत के कारणों का पता चल जाएगा।

अफजाल अंसारी ने कहा कि जेल में बंद होने के दौरान भी मुख्तार के खिलाफ 50 से अधिक केस दर्ज किए गए। ये अन्याय की पराकाष्ठा है। मुख्तार की मौत कस्टडी में हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्तार को जेल में जहर देकर मारा गया है और पूरी योजना के तहत मुख्तार की हत्या की गई। इस दौरान अफजाल अंसारी के परिजन भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/राजेश

   

सम्बंधित खबर