उप्र में बारिश की संभावना, बादलों की वजह से गिरेगा तापमान

कानपुर, 12 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मौसम में एक बार फिर बदलाव होता दिख रहा है। कानपुर मण्डल सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही होने के चलते रात के तापमान गिर जाएंगे। ऐसे में सुबह और शाम की सर्दी बरकरार रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि दक्षिण गुजरात और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण असम और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.2 किमी ऊपर है। एक ट्रफ रेखा दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से लेकर पश्चिमी विदर्भ तक उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा से गुजरते हुए निचले स्तर पर फैली हुई है। मौसम की इन गतिविधियों से 13 और 14 फरवरी को कानपुर मण्डल में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश होगी। इसके साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कानपुर मण्डल से पूर्व की ओर यानी कौशांबी और प्रयागराज सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के भी आसार बन गये हैं। बादलों के आने से रात के तापमान कम रहेंगे जिससे सुबह और शाम की सर्दी बरकरार रहेगी।

डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 24.8 और न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 94 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 48 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.5 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के कारण 13 और 14 फरवरी को स्थानीय स्तर पर गरज चमक के साथ बूंदाबांदी कहीं कहीं हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर