कांग्रेस ने लगाया जिला आयुक्त पर पक्षपात का आरोप

नगांव (असम), 05 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के निवर्तमान सांसद तथा नगांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रद्युत बदरलै ने नगांव के जिला आयुक्त तथा पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रत्याशी बरदलै आज नगांव में एक संवाददाता सम्मेलन का संबोधित कर रहे थे।

संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के धुबड़ी लोकसभा सीट के प्रत्याशी रकीबुल हुसैन, विधायक नूरुल हुदा तथा शिवमणि बरबोरा भी मौजूद रहे।

बरदलै ने आरोप लगाया कि गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान जहां जिला आयुक्त ने भाजपा प्रत्याशियों तथा मुख्यमंत्री को काफिले के साथ कार्यालय में प्रवेश करने से नहीं रोका। वहीं, कांग्रेस नेताओं को प्रवेश करने नहीं दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा कांग्रेस नेताओं तथा पत्रकारों के साथ जमकर दुर्व्यवहार किया गया।

वहीं, रकीबुल हुसैन ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को कांग्रेस प्रत्याशी प्रद्युत की जीत सुनिश्चित है, इसे समझ चुके हैं। यही वजह है कि वह बौखलाहट में आकर पुलिस कार्रवाई कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के विरुद्ध विभिन्न प्रकार के आरोप लगाते हुए थानों में मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे मुख्यमंत्री की हताशा साफ झलकती है।

वहीं, एक अन्य पत्रकार सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेन बोरा ने आज फिर दोहराया की अगले चार माह के अंदर मुख्यमंत्री के पद से डॉ. सरमा हटा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का आरोप साबित होने के बाद भाजपा उस व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद पर नहीं रखती है। ऐसा कर्नाटक, त्रिपुरा समेत कई भाजपा शासित राज्यों में देखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर