राष्ट्रीय एथलीट प्रतियोगिता में तकनीकी पदाधिकारी बने रोशन सिंह धोनी

सहरसा-रोशन सिंह धोनी

सहरसा,05 अप्रैल (हि.स.)। 6 से 9 अप्रैल तक पटना मे आयोजित राष्ट्रीय अंडर 17 बालक, बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के सफल संचालन हेतु तकनीकी पदाधिकारी के रूप में सहरसा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव सह उच्च माध्यमिक विद्यालय पटुआहा के शारीरिक शिक्षक,रोशन सिंह धोनी का चयन किया गया है।

रोशन सिंह धोनी पूर्व में भी क्रिकेट एथलेटिक्स और टेबल टेनिस के राष्ट्रीय कोच एवं चयनकर्ता रह चुके हैं। इनके नेतृत्व में कई बार बिहार क्रिकेट की जूनियर टीम, टेबल टेनिस की सीनियर टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है।इन्होंने कई बार राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में तकनीकी पदाधिकारी के रूप में पूर्व में भी कार्य किया है।अपने समय के जाने-माने क्रिकेटर, एथलीट और टेबल टेनिस के खिलाड़ी रोशन सिंह धोनी जिला के खेल विकास में सतत प्रयास रत रहते हैं।

जिला एथलेटिक्स संघ के उपाध्यक्ष सह उप मेयर उमर हयात गुड्डू ने कहा कि रोशन सिंह धोनी सहरसा में पिछले दो दशक से खेल को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं। इसका परिणाम है कि सहरसा आज एथलेटिक्स के साथ-साथ टेबल टेनिस, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बॉल बैडमिंटन खो खो ,कुश्ती इत्यादि खेल में दिन प्रतिदिन आगे बढ़ रहा है। सहरसा में खेल का माहौल भी दिन प्रतिदिन बेहतर हो रहा है।अब जिला प्रशासन का थोड़ा बहुत और सहयोग मिलेगा तो सहरसा में निश्चित ही खेल का उत्तरोत्तर विकास होगा।

रोशन सिंह धोनी के लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तकनीकी पदाधिकारी के रूप में चयनित होने पर जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अर्जुन चौधरी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि सहरसा के खेल इतिहास में रोशन सिंह धोनी का योगदान किसी से छिपा हुआ नहीं है। हम आशा करते हैं कि रोशन सिंह धोनी अपने कर्म के बल पर राज्य के साथ-साथ देश का भी प्रतिनिधित्व एक कोच के रूप में एक तकनीकी पदाधिकारी के रूप करे।हम सब एक साथ कंधा से कंधा मिलाकर सहरसा के खेल को आगे बढ़ने का सतत प्रयास करते रहते हैं।

रोशन सिंह धोनी के तकनीकी पदाधिकारी बनाए जाने पर जिला योग संघ के सचिव अमन कुमार सिंह ,जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ जयंत आशीष सहित अन्य ने बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर