रायपुर : प्रदेश में सात व आठ को हल्की बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने की संभावना

रायपुर, 6 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों में मौसम में बदलाव होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, सात व आठ अप्रैल को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले तीन दिन में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री कम होने के आसार हैं। शुक्रवार को प्रदेश में सबसे गर्म रायपुर रहा। यहां दिन का पारा 41.4 डिग्री रहा। राजनांदगांव में दिन का तापमान 41.3 डिग्री रहा। दुर्ग, बिलासपुर और जगदलपुर में भी दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। सात और आठ अप्रैल को रायपुर समेत प्रदेश के सभी संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने का अलर्ट भी जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ के पांच जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। रायपुर में दिन का पारा 41.5 डिग्री रहा। राजनांदगांव में 41.3 डिग्री, दुर्ग में 40.6, बिलासपुर में 40.6 डिग्री और जगदलपुर में 40.3 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान के साथ न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। रात का पारा अब 25 डिग्री के पार पहुंचने लगा है। शुक्रवार को रायपुर में रात का तापमान 26.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजनांदगांव में 27 डिग्री, जगदलपुर में 25.6 डिग्री, दुर्ग में 24.6 डिग्री और बिलासपुर में 24 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर