मप्र: स्थापना दिवस मना रही भाजपा का दावा-आज पार्टी में शामिल होंगे एक लाख लोग

भोपाल, 6 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी शनिवार को अपना स्थापना दिवस मना रही है। इस अवसर पर प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्य कार्यक्रम पार्टी के प्रदेश कार्यालय में हुआ, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी उपस्थित रहे। इसी बीच पार्टी का दावा है कि प्रदेश में 64523 बूथों पर हो रहे कार्यक्रमों में कांग्रेस एवं अन्य दलों के 1 लाख लोग भाजपा में शामिल होंगे।

भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर शनिवार को मुख्य कार्यक्रम भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में हुआ। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराया। इस अवसर पर पार्टी नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के सभी बूथों पर भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

स्थापना दिवस कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने दिग्विजय सिंह के लिए कहा कि वे हार के डर से पैदल घूम रहे हैं। कमलनाथ के लिए कहा कि उन्होंने मैदान ही छोड़ दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश को दुराचार में डाल दिया था। भाजपा जनकल्याणकारी काम कर रही है। कांग्रस ने संतों का सम्मान कभी नहीं किया, हमने संत को राज्यसभा पहुंचाया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भारत की तरफ देख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चलाने में संवेदनशीलता होती है। सरकार गरीबों के खिलाफ कोई भी काम कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा दल हमारा है। तकनीक से युक्त भाजपा देश में कोने-कोने में खड़ी है। हम मोदी बूथ और डिजिटल बूथ बना चुके हैं। अंतिम छोर के व्यक्ति का कल्याण हमारा लक्ष्य है। कोई भी गरीब झोपड़ी में नहीं रहेगा, यह संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में गरीबों के मसीहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।

एक लाख लोगों को पार्टी में शामिल करने के भाजपा के दावे पर पलटवार करते हुए बहुजन समाज पार्टी के स्टार प्रचारक अवधेश प्रताप सिंह राठौर ने कहा कि 'मेरी एक सलाह है कि भाजपा कार्यालय पर अब ये लिख देना चाहिए- कांग्रेस द्वारा आउटसोर्ट पर संचालित भाजपा। कांग्रेस के लोग भाजपा चला रहे हैं। अजय विश्नोई, कैलाश विजयवर्गीय जैसे पुराने खांटी भाजपाई यह कह रहे हैं कि जिनकी गालियां सुनीं, उन्हें लेना पड़ रहा है। मजबूरी में स्वागत करना पड़ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर