अंत्योदय की प्रेरणा को आत्मसात कर हर व्यक्ति तक पहुंचाएं पार्टी के विचार : मंत्री जोशी

देहरादून, 06 अप्रैल (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अंत्योदय की प्रेरणा को आत्मसात कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विचारधारा को हर व्यक्ति तक पहुंचाकर, परिवार को और सशक्त व मजबूत करने का प्रयास करें।

पार्टी 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने नेशवीला रोड स्थित अपने निजी आवास और भाजपा महानगर कार्यालय में पार्टी का झंडा फहराया। महानगर कार्यालय पर टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, लोकसभा चुनाव प्रभारी विनय रुहेला, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित पार्टी के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

मंत्री जोशी ने कहा कि भाजपा विचार आधारित पार्टी हैं,यहां पार्टी कार्यकर्ता एक परिवार के सदस्य की भांति आपसी प्रेम सामंजस्य से रहकर कार्य करते हैं। इसी का परिणाम है कि आज प्रधानमंत्री मोदी के कुशल मार्गदर्शन और भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से भाजपा देश नहीं विश्व में बड़ी पार्टी है।

मंत्री ने अंत्योदय के सिद्धांत को आत्मसात कर एक भारत और श्रेष्ठ भारत और सेवा ही संगठन के मूल मंत्र पर सदैव अग्रसर रहने वाले करोड़ों कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की कार्यकर्ताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस पर उन सभी महान विभूतियों को नमन किया, जिनके निस्वार्थ सेवा और समर्पण के कारण से पार्टी आज शिखर पर पहुंची है।

उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं लगन के द्वारा आज विश्व में अगर सबसे बड़ी पार्टी है,तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी है। जिसके आज सबसे अधिक कार्यकर्ता देश के अंदर है।

इस अवसर पर टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, लोकसभा चुनाव प्रभारी विनय रुहेला,महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, मण्डल अध्यक्ष प्रदीप रावत,ज्योति कोटिया, बूथ अध्यक्ष दीपक बहुखंडी, महानगर उपाध्यक्ष संध्या थापा, डॉ. बबीता सहोत्र, सतेंद्र नाथ,पूनम नौटियाल,राजेश राजौरिया, मोहन बहुगुणा, भावना चौधरी, ख़ुशी,जयंती राजश्री सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर