दरंग के पूर्व पुलिस अधीक्षक मोहन राज बर्खास्त

गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। दरंग जिले के पूर्व पुलिस अधीक्षक मोहन राज को असम पुलिस द्वारा सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। राज्य के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने आज सोशल मीडिया के जरिए बताया कि भ्रष्टाचार, नारी अपराध तथा बाल अपराध के मुद्दे पर असम पुलिस की शून्य सहनशीलता रही है। मामले की पूरी तरह जांच करने के बाद एपीएस अधिकारी मोहन राज को असम पुलिस की सेवा से न सिर्फ बर्खास्त कर दिया गया है, बल्कि उन्हें किसी भी प्रकार की सेवा के लिए अयोग्य घोषित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि 2022 में दरंग जिले के धूला में एक नाबालिग घरेलू नौकरानी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले को आत्महत्या करार देने की साजिश में जिले के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मोहन राज को शामिल पाया गया। इस मामले में जिले के एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट और तीन डॉक्टरों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।

इस मामले को डंठे बस्ते में डाल दिया गया था। लेकिन, मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा एसआईटी से मामले की जांच के आदेश दिए गए।

एसआईटी गठित करने के आदेश के बाद से सीआईडी की एक विशेष टीम ने मामले की जांच की।

मामले में दोषी पाते हुए मोहन राज को उनकी सेवाओं से बर्खास्त कर दिया गया है। मामले के अन्य आरोपितों के विरुद्ध जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर