यमुनानगर: टापू माजरी के ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव का किया बहिष्कार

-सिटी भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा भी उठा चुके है विधानसभा में मुद्दा

-ग्रामवासी आज भी शहर में आने जाने के लिए लेते है नाव का सहारा

यमुनानगर, 7 अप्रैल (हि.स.)। यमुना नदी के पार उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे हरियाणा के गांव टापू माजरी के लोगों ने पुल बनाने की लंबित मांग के विरोध में रविवार सुबह प्राथमिक स्कूल में पंचायत कर लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय ले लिया।

गांव के बिरम सिंह और श्याम कुमार ने बताया कि यमुना नदी के पार हमारे गांव टापू माजरी और घोड़ों पिपली के लोगों को यमुनानगर शहर में आने जाने के लिए लगभग 25 किलोमीटर ऊपर गांव शाहजहांपुर, कलानौर से घूमकर आना जाना पड़ता है, या फिर यमुना नदी में नाव के माध्यम से आना जाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि ना केवल बारिश के मौसम में बल्कि आज भी लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए यमुनानगर में नाव के सहारा ही आना जाना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि हमारी यमुना पुल बनाने की मांग बहुत पुरानी है। किसी भी सरकार ने इसें पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि यमुनानगर के भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भी विधानसभा के सत्र में इस विषय पर सवाल उठाया था। लेकिन सरकार ने इस और कोई ध्यान नही दिया। उन्होंने कहा कि 10 साल से भाजपा की सरकार प्रदेश में भी है और केंद्र में भी है। लेकिन सरकार के आश्वासन के बावजूद भी हमारी इस समस्या का समाधान नहीं किया गया है। जिसके विरोध में आज ग्रामवासियों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय ले लिया है। यह भी निर्णय लिया गया है कि वें किसी भी पार्टी के उम्मीदवार को वोट मांगने के लिए गांव में आने पर बहिष्कार करेंगे।

उन्होंने बताया कि यमुना नदी पर यह पुल गांव बीबीपुर और मुकारमपुर के बीच बनना है। गांव टापू माजरी की आबादी 800 और गांव घोड़ों पिपली की आबादी 1600 के लगभग है। इस मौके पर सरपंच अजय कुमार, अमन कुमार, पूर्व सरपंच गांधीराम, पूर्व सरपंच प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/संजीव

   

सम्बंधित खबर