भाजपा के पक्ष में लहर नहीं सुनामी है: मुख्यमंत्री

गुवाहाटी (असम), 07 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में लहर नहीं, बल्कि सुनामी है। इस तरह की सुनामी चुनाव में पहले कभी कहीं नहीं देखी गई थी। नरेन्द्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के संकल्प के साथ आज असम की जनता सड़क पर उतर चुकी है।

मुख्यमंत्री रविवार को काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवार कामाख्या प्रसाद तासा के समर्थन में एक चुनावी कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आको एबार मोदी सरकार गीत पर जिस तरह से कार्यक्रम के दौरान हजारों लोग नाच रहे थे, ऐसा उत्साह पहले कभी नहीं देखा गया है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में अल्पसंख्यक महिलाएं भी नाच रही थीं। सभी का लक्ष्य नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की गारंटी का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि इसकी कहीं सरकार ही नहीं है। पुराने नोट को लेकर बाजार में ले जाने से कोई लाभ नहीं होता है, यह असम की जनता बेहतर समझती है। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस का शासनकाल देखा है। भाजपा के साथ कांग्रेस का कहीं कोई तुलना ही नहीं है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के एक सवाल पर कहा कि चुनाव प्रचार के क्रम में कांग्रेस उम्मीदवार चाहे जो बोलना हो बोल लें, लेकिन उन्हें पता होना चाहिए कि असम में किसकी सरकार है। कानून के दायरे से अधिक बात करने की किसी को छूट नहीं है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के अन्य कई सवालों के भी सीधे-सीधे उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर