लोस चुनाव : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन जाएगा 400 सीटों के पार : प्रेम शुक्ला

मेरठ, 07 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) देश में 400 पार सीटों पर जीत हासिल करेगा। उत्तर प्रदेश में सभी 80 सीटों पर विजय पताका फहराई जाएगी। भाजपा ने मेरठ-हापुड़ लोकसभा के लिए सूरजकुंड पर मीडिया वॉर सेंटर बनाया है। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने सेंटर का शुभारंभ किया। इस वॉर सेंटर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों पर नजर रखी जाएगी।

पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि विपक्ष को उम्मीदवार नहीं मिल पा रहे हैं और बार-बार अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। मेरठ में बाहरी उम्मीदवार को चुनाव लड़ाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अरुण गोविल बाहरी नहीं हैं, जब इटली की महिला को देश ने स्वीकार कर लिया है तो अरुण गोविल बाहरी कैसे हो सकते हैं। देश में रामराज्य देखकर बाबर की संतानों की छातियां फट रही हैं। रावण की पुरानी ससुराल में भी राम का साम्राज्य होगा। भाजपा रामायण के सीरियल से साक्षात राम को निकालकर लाई है।

उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन आतंकवादियों की सपोर्ट करने वाला गठबंधन है, इसलिए देश की जनता ने कांग्रेस और गठबंधन को नकार दिया है। इस बार कांग्रेस केवल 50 सीटों पर सिमटने वाली है। जबकि भाजपा 400 का आंकड़ा पार करेगी। कांग्रेस और उसकी समर्थित पार्टियां आतंकवादियों का समर्थन करने वाली पार्टी है। कांग्रेस का घोषणा पत्र मुस्लिम लीग का घोषणा पत्र है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने ड्रेस कोड को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि ड्रेस कोड सभी स्कूल-कॉलेज में लागू होता है, इसलिए स्कूल-कॉलेज ड्रेस में ही छात्र-छात्राओं की एंट्री करते हैं। बंगाल में ईडी आतंकियों को पकड़ने के लिए पहुंची थी, जहां ईडी की टीम पर हमला करवा दिया गया। आतंकवादियों का साथ देने वाली पार्टियों ने इंडिया गठबंधन बना लिया है।

प्रेम शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश और प्रदेश में विकास कार्यों के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। आज पूरी दुनिया भारत और यहां के लोगों का सम्मान कर रही है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का नतीजा है। इसी कारण जनता प्रचंड बहुमत से उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी, प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, महानगर मीडिया प्रभारी अमित शर्मा आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर