देश को विकसित भारत में बदलना युवाओं की जिम्मेदारी, अबकी बार चार सौ पार

कानपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। अगले 25 वर्ष भारत और उसके युवाओं दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। 2047 तक भारत को विकसित भारत में बदलना युवाओं की जिम्मेदारी है। देश के युवाओं के पास परंपरा और प्रतिभा के साथ-साथ प्रेरणा और नवीनता भी है। युवा आगामी 25 वर्षों में अपना और भारत दोनों को भविष्य तय करेंगे। देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवा मोदी को पीएम बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। अबकी बार भाजपा 400 से अधिक सीटें जीतेगी। ये बातें रविवार को भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने नव मतदाता सम्मेलन के अवसर पर कहीं।

रविवार को केशव नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में दक्षिण जिले के नव मतदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पहली बार मतदाता बने युवाओं को आमंत्रित किया गया।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। आने वाले समय में भारत कैसा हो यह देश की युवा शक्ति ही तय करेगी। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पहली बार मतदाता बने पुरुष एवं महिला युवा चुनावी महापर्व के मौके पर देश हित में अपने मत का दान अवश्य करें। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आने वाले समय में विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

जिलामंत्री जसविंदर सिंह ने कहा कि देश का भविष्य चुनने में नौजवान मतदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आपका एक वोट भारत को तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने, भारत को एक स्थिर और बड़े बहुमत वाली सरकार लाने, देश में डिजिटल क्रांति, अंतरिक्ष में स्पेस स्टेशन बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।

इस दौरान जिला मंत्री शिव पूजन सविता, विकास सिंह, मनीष त्रिपाठी, पार्षद अभिनव शुक्ला गोलू, नागेंद्र तोमर, सत्यम शुक्ला, योगेंद्र सिंह चौहान, अंकुर गुप्ता, अर्जुन बेरिया, अमित बाजपेई, मुकेश कुरील आदि मौजूद रहें।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर