लोकसभा चुनाव : जनरल सिंह बोले, सेना और भाजपा की सोच में राष्ट्र सर्वोपरि है, मोदी सरकार के विकास कार्यों पर जनता का है भरोसा

देहरादून में आयोजित जनसभा संबोधित करते केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह।

देहरादून, 08 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (सेनि) वीके सिंह ने कहा कि सेना और भारतीय जनता पार्टी की सोच में राष्ट्र सर्वोपरि है। मोदी सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में देश के अंदर नागरिकों में विश्वास और विकास का भरोसा गया है।

सोमवार को नयागांव विजयपुर हाथीबड़कला में केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल (सेनि) वीके सिंह ने टिहरी लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निवर्तमान सांसद और उम्मीदवार माला राज्यलक्ष्मी शाह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच राष्ट्र सर्वोपरि को देखते हुए 2013 में इसी सोच के कारण मैं भाजपा से जुड़ा और एक दशक से जनता की सेवा कर रहा हूं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर क्षेत्र को अपने विकास विजन से छुआ है। महिला सशक्तिकरण पर अनेक काम किए गए हैं। 10 वर्षों के अंदर देश के नागरिकों में भरोसा गया है। देश में 2016 में 415 स्टार्टअप थे। आज विश्व में तीसरे नंबर पर है। डिजिटल इंडिया आज पूरे विश्व में सबसे ज्यादा डेटा भारत में है। उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की और भरोसा जताया कि उत्तराखण्ड की जनता भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय बनाएगी।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि आज देश की कमान ऐसे व्यक्तित्व पर जो जहां एक और किसान की चिंता करता है और दूसरी तरफ सीमा पर खड़े जवान की भी चिंता करता है। उन्होंने कहा कि जब मोदी जी ने सत्ता संभाली थी 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्था में 11 नंबर पर थे और आज हम छलांग लगाकर 5 वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पद चिह्नों पर चलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर अग्रसर होकर कार्य कर रहे हैं। मंत्री ने रिकॉर्ड मतों से तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाने और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान भी किया। इस दौरान कई पूर्व सैनिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

भाजपा की सदस्यता लेने वालों में सूबेदार चंद्र मोहन ,सूबेदार नवीन थापा, माया पंवार, सूबेदार मेजर नवराज, सूबेदार मेजर गौतम गुरुंग सहित कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली।

इस अवसर पर राज्यमंत्री कैलाश पंत, मेजर जनरल सम्मी सभरवाल, मेजर जनरल डी अग्निहोत्री, मेजर जनरल अभय कार्की, कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी, कर्नल लक्ष्मण सिंह, कर्नल सतीश शर्मा, कर्नल कैलाश देवरानी, कर्नल आनंद थपलियाल, कर्नल श्याम प्रधान, कैप्टन दिनेश प्रधान, कैप्टन दिगम्बर बलूनी, चुनाव प्रभारी कमली भट्ट, मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, अंकित जोशी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश

/रामानुज

   

सम्बंधित खबर