कुरकुरे नहीं देने पर 15 साल की लड़की फंदे पर झूली

पाली, 4 जुलाई (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के घुमटी के पास 15 साल की लड़की का अपने आठ साल के भाई से कुरकुरे को लेकर झगड़ा हो गया। इससे नाराज होकर लड़की ने कमरे में जाकर पंखे के कुंदे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार सुबह करीब 11 बजे लड़का दुकान से कुरकुरे का पैकेट लेकर आया था। लड़की ने उससे कुरकुरे मांगे। इस पर लड़के ने कुरकुरे देने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों आपस में झगड़ने लगे। इस दौरान लड़की आवेश में आकर कमरे में चली गई। कमरे का दरवाजा बंद कर दुपट्टे से फंदा लगाकर झूल गई। बच्चों की मां फैक्ट्री में ही मुरमुरे बनाने का काम कर रही थी। जबकि पिता बाहर कुएं से पानी लेने गया था। सदर थाने के हैड कॉन्स्टेबल अमराराम ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के घुमटी के निकट मुरमुरे बनाने की फैक्ट्री है। जहां यूपी के नंदकाश (झांसी) निवासी कल्लू परिवार अपने परिवार सहित रहता है। जो फैक्ट्री में ही मुरमुरे बनाने का काम करता है। यहां वह एक कमरे में रहता है।

कल्लू की 15 साल की बेटी शिवी और आठ साल के बेटे समर में कुरकुरे को लेकर झगड़ा हो गया था। लड़का कुरकुरे का पैकेट लेकर अपनी मां पास भाग गया। इधर, इस बात से नाराज होकर लड़की कमरे में चली गई। जहां उसने सुसाइड कर लिया। कुछ देर लड़का जब वापस कमरे के पास आया तो कमरा बंद था। इस पर लड़के ने खिड़की से झांक कर देखा, तो लकड़ी फंदे पर झूल रही थी। इसे देखकर लड़का चीखने लगा। चीखने की आवाज पर आस-पास के लाेग आ गए। उन्होंने लड़की की मां को जानकारी दी। इसके बाद फंदे से उतार कर अस्पताल ले गए। जहां लड़की को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतका की बॉडी बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाई। जहां से पोस्टमॉर्टम कर पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा।

अचानक हुई इस घटना से मृतका के पिता और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि खाने-पीने के सामान की छोटी से बात को लेकर हुए भाई-बहन के झगड़े में उनकी ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना की जानकारी मिलने पर पार्षद राधेश्याम चौहान और पार्षद प्रतिनिधि बलवंत पटेल हॉस्पिटल पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। साथ ही पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करवाने में सहयोग किया। यूपी के झांसी जिले के नंदकाश निवासी पति पत्नी करीब पांच साल से फैक्ट्री में मुरमुरे बनाने का काम करते हैं। दोनों बच्चे फैक्ट्री में एक कमरे में रहते हैं। दोनों स्कूल भी नहीं जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर