जहां-जहां राहुल जाते हैं वहां कांग्रेस का सफाया हो जाता है: मोहन यादव

- सबलगढ़ विधानसभा के मामचौन में हुई मुख्यमंत्री की सभा

मुरैना, 08 अप्रैल(हि.स.)। कांग्रेस पार्टी फुस्सी बम लेकर चल रही है। वे बम जला-जलाकर परेशान हैं, लेकिन फूट ही नहीं रहा है। उनके नेता राहुल गांधी आगे-आगे न्याय यात्रा लेकर चल रहे हैं, लेकिन पीछे-पीछे कांग्रेस का ही सफाया हो रहा है। 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेशवासियों ने कांग्रेस को ऐसा चक्कर खिलाकर गिराया कि वे अब तक उठ ही नहीं पाए हैं। कांग्रेस कहती थी कि प्रदेश में हमारी सरकार बनाओ और जब उन्हें प्रदेश की जनता ने 2018 में मौका दिया तो वे भाग खड़े हुए। कांग्रेस ने झूठ बोलकर सरकार बनाई थी तो प्रदेश की जनता ने उन्हें सबक भी सिखा दिया। अब प्रदेश की जनता जानती है कि प्रधानमंत्री के मन में एमपी है तो एमपी के मन में मोदीजी हैं।

ये बातें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कही। वे सोमवार को मुरैना लोकसभा की सबलगढ़ विधानसभा के ग्राम मामचोन में भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के लोग बसों में समा जाते थे, लेकिन अब तो उनकी स्थिति यह हो गई है कि वे अब टैम्पों में ही समा जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्या गली, क्या मोहल्ला, क्या गांव और क्या शहर, हर तरफ मोदीमय माहौल है। हर तरफ मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं, उनकी जय-जयकार हो रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा के लिए भेजा गया आमंत्रण ही ठुकरा दिया। हमारी संस्कृति में तो यदि किसी दुश्मन के घर से भी आमंत्रण आए तो वह भी नहीं ठुकराते हैं, लेकिन कांग्रेस ने तो भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का ही आमंत्रण ठुकरा दिया है। अब देश-प्रदेश की जनता भी कांग्रेस को पूरी तरह ठुकराएगी। अब देश में रामनाम की लहर है, देश तरक्की, प्रगति के रास्ते पर है तो कांग्रेस की छाती पर सांप लोट रहे हैं।

डॉ यादव ने कहा कि चंबल के नौजवानों की लंबी मुछें, 56 इंच जैसा सीना जब बॉर्डर पर तपती धूप में सीना अड़ाकर खड़ा हो जाए, तो गोलियां कम पड़ जाती है। लेकिन हमारा जवान कमजोर नहीं पड़ता। यहां के जवान जान को ऐसे हथेली पर लेकर चलता है, जैसे फूल किसी को देने निकला हो, इस क्षेत्र पर जैसे भगवान की कृपा हो।

उज्जैन की क्षिप्रा और चंबल नदियों के संबंध पर डॉ यादव ने कहा कि उज्जैन में क्षिप्रा के आधार पर कुंभ मेला लगता है, कई देवी देवताओं का उज्जैन से सम्बंध आता है। महाकाल महाराज को पवित्र करने वाली क्षिप्रा जी भी भगवान श्री कृष्ण को आकर्षित करती है। भगवान श्री कृष्ण जी ने 14 विद्या, 64 कला 18 पुराण, चारों वेद की पढ़ाई की। उज्जैन से निकलने वाले मुरली जी के मुंह से जब गीता जी निकली तो दुनिया माथे पर लगाती है, और पवित्र हो जाता है। मथुरा वृंदावन से आकर यमुना जी चंबल माता का मान बढ़ाती हैं। क्षिप्रा माता पहले चंबल में आकर स्नान करती हैं। अपना रूप परिवर्तित करके चंबल बनकर यमुना जी में अपना आनन्द मनाती है। ऐसा लगता है कि गोपाल कृष्ण का और हमारे चंबल वासियों का मिलन होता है। महाकाल के जल से अभिषेक होता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा की जीत ही सबका विश्वास है। सबके विश्वास के कारण ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। सरकार बनते ही कई ऐसे निर्णय भी लिए गए, जो देश के भविष्य के लिए कारगर साबित होंगे। प्रदेश की भाजपा सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया था कि युवाओं को पढऩे के लिए एक्सीलेंस कॉलेज मिलना चाहिए और हर जिले में एक एक्सीलेंस कॉलेज खोलने का निर्णय लिया। इसमें युवाओं को कृषि सहित अन्य विषयों की शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने सबसे पहले शिक्षा नीति को लागू किया और अब नई शिक्षा नीति के तहत कॉलेजों, स्कूलों में पढ़ाई करवाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

   

सम्बंधित खबर