श्योपुर: महर्षि गौतम जयंती पर निकाली शोभायात्रा, लोगों ने फूल बरसाकर किया स्वागत

- गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज ने मंगलवार को भव्यता के साथ मनाई महर्षि गौतम जी की जयंती

श्योपुर, 09 अप्रैल(हि.स.)। गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज ने मंगलवार को महर्षि गौतम की जयंती भव्यता के साथ मनाई। इस मौके पर शहर में महर्षि गौतम की शोभायात्रा भव्यता के साथ निकाली गई। गाजेबाजे के साथ निकाली गई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी। शोभायात्रा का कई स्थानों पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजीय बंधु शामिल हुए।

मंगलवार सुबह किला रोड स्थित गौतम धर्मशाला में महर्षि गौतम का सामूहिक पूजन और हवन कार्यक्रम किया गया, जिसमें समाजीय बंधु बडी संख्या में शामिल हुए, इसके बाद सायंकालीन समय में महर्षि गौतम जी की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा किला रोड स्थित गौतम धर्मशाला से शुरू हुई। गाजेबाजे के साथ निकाली इस शोभायात्रा में एक रथनुमा वाहन में महर्षि गौतम जी विराजित थे, समाजीय बंधु महर्षि गौतम जी के जयघोष लगाते चल रहे थे, तो महिलाएं मंगल गीत गाती चल रही थी। जबकि समाजीय युवा नाचते और झूमते चल रहे थे। शोभायात्रा ब्राह्मण पाडा, भोई मोहल्ला, मालियों का मंदिर, टोडी गणेश बाजार, मैन बाजार होते हुए जयस्तंभ चौक पर पहुंची। मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत हुआ। जयस्तंभ चौक से यह शोभायात्रा वापस मुख्य बाजार होते हुए गौतम धर्मशाला पहुंची। जहां विधिवत आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। इसके बाद सामाजिक उद्बोधन और सामूहिक सहभोज का आयोजन हुआ, जिसमें समाजीय बंधुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम के अंत में गौतम ब्राह्मण समाज ट्रस्ट कार्यकारिणी अध्यक्ष वेदप्रकाश गौतम, कार्यक्रम संयोजक विनोद गौतम, सचिव जयप्रकाश गौतम,, महिला मंडल अध्यक्ष चेतना गौतम ने कार्यक्रम में भागीदारी करने वाले समाजीय बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

   

सम्बंधित खबर