मैनपुरी में लोकसभा चुनाव में भी ढहेगा सपा का किला - जयवीर सिंह

लखनऊ, 10 अप्रैल(हि.स.)। मैनपुरी लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बनाये गये उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि शनिवार और रविवार को जयवीर सिंह को मैनपुरी में ही पायेंगे। मैं हर सप्ताह मैनपुरी में रहता हूं। जनता का काम करता हूं, यहां तक कि आसपास के जनपदों के लोगों का भी काम करता हूं। वहीं सपा के उम्मीदवार डिम्पल यादव को घोषणा होने के बाद मैनपुरी जाना शुरू किया है।

भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार जयवीर सिंह ने कहा कि 2012 से 17 के बीच अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे और उस वक्त दंगे, अपराध, फसाद होते थे। जनता के नाम से एक माफीनामा अखिलेश यादव जारी करें और कहें कि दोबारा कभी सत्ता में आयेंगे तो अपने गलतियों की पुनरावृत्ति नहीं करेंगे।

केन्द्रीय नेतृत्व को धन्यवाद करते हुए जयवीर सिंह ने कहा कि हमारे केन्द्रीय नेतृत्व को बार बार धन्यवाद है। विधानसभा चुनाव में सपा का मैनपुरी में किला ढहा था और भाजपा की जीत हुई थी। इसी तरह लोकसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी का किला ढहेगा। भारतीय जनता पार्टी का कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह के देहांत के बाद 2023 में उपचुनाव हुआ था तो नेताजी को श्रद्धांजलि देते हुए मैनपुरी की जनता ने डिम्पल को जिताया था। अब मेरिट के आधार पर चुनाव होगा।

विकास कार्यों पर चुनाव होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकारों ने जनता के लिए विकास के कार्यों को किया है। विकास कार्यों को लेकर ही चुनाव मैदान में जायेंगे और जीतकर आयेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ शरद/सियाराम

   

सम्बंधित खबर